Gaya Ji Panchayat Samiti Meeting : गया जी जिले के नगर प्रखंड मुख्यालय स्थित ट्राइसेम भवन में सोमवार को पंचायत समिति की विशेष बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रदीप कुमार चौधरी ने किया. बैठक में प्रखंड क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी.
इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विकास योजनाओं को सर्वसम्मति से पारित किया गया. बैठक में प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी, उप प्रमुख सह जदयू युवा जिलाध्यक्ष सतीश पटेल उर्फ रमाकांत और बीडीओ प्रदीप कुमार चौधरी ने बताया कि नगर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले गांवों में करीब पांच करोड़ रुपये की योजनाओं से विकास कार्य कराये जायेंगे.
योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जायेगा.
ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं और प्राथमिकताओं पर चर्चा
पंचायत समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और जरूरतों को बैठक में रखा. ग्रामीण इलाकों में सड़क, नाली, जल निकासी, पेयजल सहित अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई.
प्रमुख ने कहा कि योजनाओं का चयन क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जायेगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके. बैठक के दौरान सदस्यों ने विकास योजनाओं को समय पर पूरा कराने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने की बात कही.
पारदर्शिता और समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश
बीडीओ प्रदीप कुमार चौधरी ने संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने और निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया. बीडीओ ने कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से स्वीकृत योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास करना है.
वहीं उप प्रमुख सतीश पटेल ने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है. बैठक में पंचायत समिति के सदस्य, संबंधित अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
Also Read : नालंदा में 3.54 लाख पेंशनधारियों को मिली बढ़ी पेंशन, खातों में भेजे गए करीब 40 करोड़ रुपये
प्रेतशिला द्वार निर्माण के प्रस्ताव को मिली मंजूरी
पंचायत समिति की बैठक में सोमवार को क्षेत्र के महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा हुई. बैठक के दौरान प्रेतशिला द्वार निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. उप प्रमुख सह जनप्रतिनिधि सतीश पटेल ने प्रेतशिला की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को देखते हुए यहां भव्य प्रवेश द्वार निर्माण की मांग मजबूती से रखी.
Also Read : भोजपुर का बाबा लंगटनाथ धाम: जहां शिव पूजा से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं, 5 तस्वीरों में जानिए कहानी
उनकी पहल और लगातार प्रयास के बाद पंचायत समिति की बैठक में प्रेतशिला द्वार निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गयी. सतीश पटेल ने कहा कि प्रेतशिला गया की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
यहां भव्य द्वार का निर्माण होने से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि प्रेतशिला आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा और आकर्षक प्रवेश मार्ग मिलेगा. उन्होंने कहा कि प्रेतशिला में देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं.
ऐसे में द्वार का निर्माण क्षेत्र के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
