Gaya Ji Municipal Corporation : गया जी में गया नगर निगम में अनुकंपा के आधार पर हुई एक नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. नमो फाउंडेशन बिहार प्रदेश सचिव और चांदचौरा दक्षिण दरवाजा निवासी संदीप कुमार मिश्रा ने नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितता की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है.
PMO में पत्र देकर जांच की मांग
संदीप कुमार मिश्रा ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में पत्र भेजकर गया नगर निगम में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की थी. उन्होंने विशेष रूप से अनुकंपा के आधार पर पदस्थापित चंद्र मोहन की नियुक्ति की वैधता पर सवाल उठाए हैं. इसी मामले में आज गया के लोक शिकायत निवारण कार्यालय में सुनवाई और निष्पादन की प्रक्रिया की जा रही है.
चंद्र मोहन की नियुक्ति पर उठाया सवाल
संदीप कुमार मिश्रा का आरोप है कि चंद्र मोहन की नियुक्ति अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े प्रावधानों को दरकिनार कर की गई. उनका कहना है कि कई लोगों की अनुकंपा नियुक्ति करीब पांच वर्षों से लंबित है और संबंधित आवेदक अब भी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं.
पिता की मौत के 10 दिन बाद नियुक्ति का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार, चंद्र मोहन के पिता के निधन के लगभग 10 दिनों के भीतर ही उनकी नियुक्ति कर दी गई. आरोप है कि उस समय तक अनुकंपा नियुक्ति के लिए बैठक भी आयोजित नहीं हुई थी. ऐसे में नियुक्ति की प्रक्रिया और उसकी वैधता को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
जिला पदाधिकारी की स्वीकृति को लेकर भी सवाल
संदीप कुमार मिश्रा ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया में जिला पदाधिकारी की स्वीकृति और हस्ताक्षर महत्वपूर्ण होते हैं. उन्होंने मांग की है कि नियुक्ति से जुड़े सभी दस्तावेजों और पूरी प्रक्रिया की जांच की जाए. यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो नियुक्ति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं.
नगर निगम की जमीन को लेकर भी आरोप
शिकायतकर्ता ने चंद्र मोहन पर पद का कथित दुरुपयोग कर गया नगर निगम की भूमि अपने नाम कराने का भी आरोप लगाया है. उन्होंने इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
मेयर से अभद्र व्यवहार का भी आरोप
संदीप कुमार मिश्रा ने चंद्र मोहन के व्यवहार को लेकर भी आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि चंद्र मोहन ने समान पद पर कार्यरत कर्मियों के साथ-साथ गया नगर निगम के मेयर के साथ भी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया है.
लोक शिकायत निवारण कार्यालय में आज सुनवाई
गया नगर निगम में अनुकंपा नियुक्ति को लेकर उठे इन सवालों पर अब लोक शिकायत निवारण कार्यालय में मामले का निष्पादन किया जा रहा है. शिकायतकर्ता ने नियुक्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.
