Gaya News : गया जंक्शन और आसपास के रेलखंड में यात्रियों के सामान की चोरी और झपटमारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. सोमवार को दो अलग-अलग ट्रेनों में महिला का पर्स और एक यात्री का मोबाइल फोन झपटने की घटना हुई. दोनों पीड़ितों ने रेल पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.
गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में महिला का पर्स झपटा
पहली घटना धनबाद से पटना जा रही 13329 गंगा-दामोदर एक्सप्रेस में हुई. राजू कुमार अपनी मां के साथ धनबाद से मोकामा जा रहे थे. गया जंक्शन के समीप यात्रा के दौरान खिड़की के पास से एक अपराधी उनकी मां का लेडीज पर्स झपटकर फरार हो गया. काफी तलाश के बाद भी पर्स का पता नहीं चला. इसके बाद पटना पहुंचकर रेल थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी.
पर्स में नकदी और जरूरी दस्तावेज थे
पीड़ित के अनुसार, पर्स में करीब 3,700 रुपये नकद के अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर आइडी समेत कई जरूरी दस्तावेज थे. इसके साथ मोबाइल चार्जर और अन्य सामान भी रखा था. पीड़ित ने रेल पुलिस से पर्स बरामद करने और घटना में शामिल अपराधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
आनंद विहार-भुवनेश्वर एक्सप्रेस में मोबाइल झपटा
दूसरी घटना सोमवार की रात गया जंक्शन पर 22806 आनंद विहार-भुवनेश्वर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में हुई. सूरज मिश्रा प्रयागराज से संबलपुर जा रहे थे. ट्रेन के गया जंक्शन पर रुकने के दौरान वह एस-8 कोच में प्लेटफॉर्म की ओर वाली खिड़की के पास बैठे थे और मोबाइल चार्ज पर लगाकर बात कर रहे थे. इसी दौरान एक अपराधी ने खिड़की के पास से मोबाइल झपटा और फरार हो गया.
रेल पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद रेल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. रेल थाना अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
खिड़की के पास सामान रखने से बचें
गया जंक्शन पर लगातार सामने आ रही झपटमारी की घटनाओं से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. रेल पुलिस ने यात्रियों से यात्रा के दौरान खिड़की के पास मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान रखने में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
