गया जी से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gaya ji Railway News: गया-गोमो रेलखंड पर बुधवार को अचानक रेलवे ट्रैक पर एक बड़ा पेड़ गिर जाने से रेल यातायात प्रभावित हो गया. राजधानी एक्सप्रेस सहित कई यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन करीब 45 मिनट तक बाधित रहा. ट्रेनों के रुकने और देरी होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक
जानकारी के अनुसार गया-गोमो रेलखंड के एक हिस्से में रेलवे लाइन पर अचानक पेड़ गिर गया, जिससे ट्रैक पूरी तरह अवरुद्ध हो गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने तत्काल इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी. इसका असर नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-सियालदह राजधानी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर पड़ा.
कई स्टेशनों पर रोकी गईं ट्रेनें
ट्रैक बाधित होने के कारण कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा. वहीं कुछ ट्रेनों को धीमी गति से संचालित किया गया. अचानक हुए इस व्यवधान से यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई और कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा.
सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई. ट्रैक का निरीक्षण करने के बाद कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू किया. पेड़ को काटकर रेलवे लाइन से हटाया गया और ट्रैक की सुरक्षा का विस्तृत निरीक्षण किया गया.
45 मिनट में हटाया गया पेड़
रेलवे की त्वरित कार्रवाई के कारण लगभग 45 मिनट के भीतर ट्रैक को पूरी तरह साफ कर लिया गया. आवश्यक सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद रेल परिचालन को फिर से बहाल कर दिया गया. इसके बाद प्रभावित ट्रेनों को क्रमवार रवाना किया गया. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या रेलवे संपत्ति को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है. हालांकि ट्रेनों के संचालन में आई रुकावट के कारण कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलीं और यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा.
रेलवे ने कहा- सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. अधिकारियों ने बताया कि ऐसी परिस्थितियों में किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए ट्रेनों का परिचालन तत्काल रोक दिया जाता है और सभी आवश्यक सावधानियां बरती जाती हैं. बारिश और तेज हवाओं के मौसम में रेलवे ट्रैक के किनारे मौजूद पेड़ कई बार खतरा बन जाते हैं. ऐसे में रेलवे विभाग लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है.
Also Read: Gaya News. गया जी में गर्मी से मिलेगी थाेड़ी राहत, मौसम में बदलाव के आसार
