गया से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gaya Ji News: गया जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में आरपीएफ और जीआरपी को बड़ी सफलता मिली है. संयुक्त कार्रवाई के दौरान चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है. जिनके पास से चोरी के मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है. गिरफ्तार सभी युवक पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और प्रारंभिक पूछताछ में ट्रेनों में चोरी और मोबाइल छिनतई में संलिप्तता की बात सामने आई है.
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत चला विशेष अभियान
गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत विशेष जांच अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव और रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार ने किया.अभियान के दौरान गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के हावड़ा छोर पर चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की गई.
चार मोबाइल और 19,800 रुपये नकद बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार युवकों के कब्जे से चार चोरी के मोबाइल फोन और 19,800 रुपये नकद बरामद किए हैं. बरामदगी के बाद सभी आरोपियों को रेल थाना ले जाया गया, जहां उनसे गहन पूछताछ की गई. गिरफ्तार युवकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग थाना क्षेत्र निवासी सलामत गाजी, मिलन अली मोला, महसिन शाह और नाजीबर मंडल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार चारों आपस में मित्र हैं.
गया में रहकर ट्रेनों में करते थे चोरी
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे गया शहर के विभिन्न इलाकों में रहकर पैसेंजर ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से यात्रियों को निशाना बना रहा था. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ट्रेन के हॉल्ट या धीमी गति से चलने के दौरान यात्रियों से मोबाइल छीनने की घटनाओं में भी शामिल थे. पुलिस इन दावों की जांच कर रही है और पुराने मामलों से भी कनेक्शन खंगाल रही है.
जीआरपी थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
कड़ी पूछताछ के बाद जीआरपी थाना गया में कांड संख्या 158/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने कहा कि यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने बताया कि स्टेशन और ट्रेनों में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
