गया से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट
Gaya ji News: गया-कोडरमा रेलखंड पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं. गिरफ्तारी के बाद रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में आ गई है.
भागते युवक पर पुलिस को हुआ शक
आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि रेलखंड पर विशेष जांच और निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में तेजी से भागते हुए देखा गया. उसकी गतिविधियों पर शक होने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर उसे पकड़ लिया.
तलाशी में निकले तीन चोरी के मोबाइल
गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर उसके अलग-अलग पैकेटों से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए. पूछताछ और प्रारंभिक जांच के दौरान युवक मोबाइल के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ शुरू की.
पूछताछ में कबूल किया चोरी का गुनाह
पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल चोरी के हैं. उसने बताया कि वह पैसेंजर ट्रेनों में घूम-घूमकर यात्रियों के मोबाइल चोरी करता था. उसके इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है.
समस्तीपुर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद असलम के रूप में हुई है. वह समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह अकेले चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था या उसके साथ कोई संगठित गिरोह भी जुड़ा हुआ है.
रेल थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज करा दी है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा. साथ ही बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान भी की जा रही है. रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है. आरपीएफ का कहना है कि भीड़भाड़ वाले कोचों और स्टेशनों पर विशेष सावधानी बरतना जरूरी है.
शराब तस्करों और चेन कटरों पर भी जारी है अभियान
आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. शराब तस्करों, गांजा कारोबारियों, मोबाइल चोरों, पॉकेटमारों और चेन कटर गिरोहों के खिलाफ विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
