Gaya Ji News: जिले के गुरुआ प्रखंड के जालपा गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में सावन माह के अवसर पर विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया. कार्यक्रम में गुरुआ विधायक डॉ. उपेंद्र प्रसाद दांगी समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए.
विधायक ने पूजा कर भंडारे का किया शुभारंभ
महाभंडारे का शुभारंभ गुरुआ विधायक डॉ. उपेंद्र प्रसाद दांगी, रजनीकांत राजू और मुखिया विष्णुदेव कुमार समेत अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से किया. इससे पहले सभी अतिथियों ने मंदिर परिसर पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. इसके बाद महाभंडारे में शामिल होकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया.
विधायक के मंदिर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया. महाभंडारे में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया.
मन्नत पूरी होने पर घंटी चढ़ाने की परंपरा
ग्रामीणों के अनुसार, जालपा गांव का शिव मंदिर क्षेत्र का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है. मान्यता है कि यहां सच्चे मन से भगवान शिव से मांगी गई मन्नत पूरी होती है. मन्नत पूरी होने के बाद श्रद्धालु मंदिर परिसर में घंटी चढ़ाते और बांधते हैं. मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में घंटियां लगी हुई हैं, जो लोगों की आस्था और विश्वास को दर्शाती हैं.
मंदिर की प्रसिद्धि आसपास के क्षेत्रों के साथ दूर-दराज तक भी है. सावन के महीने में यहां श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ जुटती है.
जनप्रतिनिधियों समेत ग्रामीण रहे मौजूद
महाभंडारे के दौरान गुरुआ विधानसभा प्रभारी विनय कुशवाहा, जदयू जिलाध्यक्ष रविरंजन दांगी, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गिरेंद्र कुमार, महिला जिलाध्यक्ष ज्योति दांगी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष नीतिश दांगी, सामाजिक कार्यकर्ता संजीत कुमार समेत मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
