Gaya Ji News: जिले के टनकुप्पा प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में बुधवार को जीविका की पंचम वर्षीय वार्षिक आमसभा आयोजित की गई. बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यों, योजनाओं और आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया. बीडीओ गौरी कुमारी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं किसी पर निर्भर रहने के बजाय अपनी मेहनत और हुनर के दम पर स्वावलंबी बनें.
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनने की सीख
बैठक की अध्यक्षता रेणु कुमारी ने की, जबकि संचालन कमलेश कुमार ने किया. मौके पर बीडीओ गौरी कुमारी, पीएनबी शाखा प्रबंधक शशि कुमार, बीपीएम राम विनय प्रसाद, एसी मिंता कुमारी, सीसी पिंकी कुमारी, टीओ जयराम कुमार, प्रखंड मेंटर दिनेश कुमार सहित जीविका दीदियां, बुक कीपर और सीएम मौजूद रहे.
बीडीओ ने महिलाओं को जीविका के माध्यम से संचालित विभिन्न गतिविधियों से जुड़ने और अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि आर्थिक आत्मनिर्भरता से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और परिवार की स्थिति भी मजबूत होगी.
हजारों लोगों को योजनाओं का लाभ
बैठक में जीविका की ओर से कराए गए कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी गई. बताया गया कि आवास योजना के तहत 3875 लाभुकों को जोड़ा गया है. वहीं, 3889 लोगों को मनरेगा जॉब कार्ड, 1925 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन, 1719 लोगों को विधवा पेंशन और 12 दिव्यांगों को योजनाओं का लाभ दिलाया गया है.
मुर्गी पालन से 1500 और बकरी पालन से 1050 लोग जुड़े हैं. इसके अलावा नौ उत्पादक समूह संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें 350 सदस्य शामिल हैं.
40 महिलाओं को मिले 40-40 हजार
पीएमएफएमई योजना के तहत 40 महिलाओं को सरकार की ओर से 40-40 हजार रुपये की सहायता दी गई है. वहीं, 57 युवक-युवतियों को प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें छह को रोजगार मिला. इसके अलावा 5714 शौचालयों का निर्माण कराया गया है.
एससी-एसटी वर्ग के 57 सदस्यों को रोजगार शुरू करने के लिए दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है.
42.84 लाख रुपये का लेखा-जोखा
लेखापाल उर्मिला कुमारी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय प्रस्तुत किया. बैठक में कुल 42 लाख 84 हजार 545 रुपये के आय-व्यय का लेखा-जोखा रखा गया. इसमें 17 लाख 17 हजार 998 रुपये की आय बताई गई.
मौके पर सीसी रिंकु कुमारी, बीके गुप्तेश्वर कुमार, प्रवीन कुमार, श्वेता कुमारी, एमआइएस जिसानु रहमान, गोल्ड कुमार, सीएम प्रमिला कुमारी, कंचन कुमारी, एसइडब्ल्यू ईश्वर कुमार वर्मा समेत बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद थीं.
Also Read: गया : चार महीने पहले हुई थी शादी, पेड़ से लटका मिला नवविवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
