Gaya Ji News: ( बोधगया से कलेन्द्र प्रताप की रिपोर्ट ) :
दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) अपने 300 एकड़ के भव्य परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह को विशेष रूप से मना रहा है. इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय में एक व्यापक और अनुकरणीय पौधारोपण अभियान का सफल आयोजन किया गया. इस विशेष हरित अभियान के तहत यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह के सीधे नेतृत्व में पूरे परिसर के विभिन्न चिन्हित क्षेत्रों में कुल 620 पौधे लगाए गए. यह कार्यक्रम भारत सरकार के महत्वाकांक्षी “एक पेड़ मां के नाम” अभियान और पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और ग्रीन कैंपस के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया.
इस अवसर पर कुलपति ने सभी प्रोफेसर और छात्रों को पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प दिलाते हुए कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन की रस्म नहीं, बल्कि हमारी भावी पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण के लिए एक सतत प्रयास है.
महोगनी, अमलतास और लीची के पौधे लगाए गए
विश्वविद्यालय के जन संपर्क पदाधिकारी (PRO) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह वृहद पौधारोपण अभियान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन, विज्ञान भवन, केंद्रीय पुस्तकालय परिसर, मधुबन कैंटीन क्षेत्र, कृषि प्रक्षेत्र, छात्र-छात्रा छात्रावास परिसर, खेल मैदान, आवासीय क्षेत्र तथा उद्यान परिसर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर एक साथ चलाया गया. इस बार अभियान की खास बात यह रही कि परिसर की मिट्टी के अनुकूल पौधों का चयन किया गया था. इसके तहत महोगनी, मौलश्री, अमलतास, गुलमोहर, पाकड़, इमली, पीपल जैसे छायादार वृक्षों के साथ-साथ आम, जामुन, अमरूद, चीकू (सपोटा), शहतूत, लीची और पाम जैसे कई बहुवर्षीय एवं फलदार पौधों का वैज्ञानिक पद्धति से रोपण किया गया.
विभिन्न विभागों के प्रोफेसर और इग्नू के छात्रों ने मिलकर संभाली जिम्मेदारी
परिसर को हरा-भरा बनाने के इस राष्ट्रीय संकल्प में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो नरेंद्र कुमार राणा, सभी संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा इग्नू अध्ययन केंद्र से संबद्ध लगभग 40 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई. सुव्यवस्थित पौधारोपण के लिए परिसर के विभिन्न स्थलों की जिम्मेदारी अलग-अलग शैक्षणिक और प्रशासनिक इकाइयों को सौंपी गई थी. इंजीनियरिंग अनुभाग से कल्याण साहा और उनकी टीम, विज्ञान संकाय से प्रो गौतम कुमार, प्रो प्रधान पार्थ सारथी, डॉ अमृता श्रीवास्तव व डॉ तारा तथा पुस्तकालय विभाग से डॉ माथुर एवं उनके सहकर्मियों ने अपने-अपने प्रक्षेत्रों में पौधारोपण का जिम्मा संभाला.
कृषि विभाग के डॉ हेमंत कुमार के प्रबंधन में सुव्यवस्थित ढंग से पूरा हुआ अभियान
परिसर के अन्य प्रमुख हिस्सों की बात करें तो कृषि विभाग की ओर से प्रो ए पी सिंह, प्रो रविकांत एवं विभागीय शिक्षकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. वहीं उद्यान परिसर में डॉ पंकज एवं डॉ अमित के नेतृत्व में तथा खेल परिसर में डॉ जे पी सिंह एवं प्रो आशी कुमार द्वारा अभियान का बेहतरीन संचालन किया गया. इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के आवासीय क्षेत्र को हरा-भरा बनाने की जिम्मेदारी प्रो प्रफुल्ल कुमार, प्रो आर पी सिंह, प्रो मिलन, डॉ विकल तथा धीरेंद्र कुमार ने सफलतापूर्वक संभाली. इस संपूर्ण वृहद कार्यक्रम के सफल आयोजन, उपयुक्त पौधों के चयन, रोपण स्थलों की वैज्ञानिक पहचान और पूरी व्यवस्था के बेहतर समन्वय में कृषि विभाग के डॉ हेमंत कुमार सिंह की विशेष और मार्गदर्शक भूमिका रही, जिनके कुशल प्रबंधन से यह पर्यावरण उत्सव सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ.
Also Read: GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, गया-औरंगाबाद-कैमूर के 7 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
