बेलागंज से अजीत कुमार की रिपोर्ट :
Gaya Ji News : गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के खनेटा गांव में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन सड़क को लेकर विवाद गहरा गया है. सड़क निर्माण के दौरान गांव का कब्रिस्तान प्रभावित होने की आशंका को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया. मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गांव पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की और मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया.
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक
विवाद की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह, अंचलाधिकारी गजानन मेहता और बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी सहित भारतमाला परियोजना से जुड़े कई वरीय अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. ग्रामीणों का कहना था कि सड़क निर्माण के नाम पर उनकी आस्था से जुड़े कब्रिस्तान को जानबूझकर तोड़ा जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कब्रिस्तान उनके धार्मिक और सामाजिक विश्वास का केंद्र है, इसलिए इसके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ उन्हें स्वीकार नहीं होगी.
प्रशासन ने की सहयोग की अपील, शुक्रवार से शुरू होगा काम
दूसरी ओर, मामले को लेकर अंचलाधिकारी गजानन मेहता ने बताया कि प्रशासन की ओर से ग्रामीणों के साथ हर पहलू पर विस्तृत बातचीत की गई है. उन्हें इस राष्ट्रीय परियोजना की आवश्यकता और इसके महत्व से अवगत कराया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी पक्षों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करता है और सभी को साथ लेकर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है. अंचलाधिकारी ने ग्रामीणों से विकास और सड़क निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि भारतमाला परियोजना राष्ट्रीय महत्व की योजना है. प्रशासन के अनुसार, सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए शुक्रवार से सड़क निर्माण कार्य को दोबारा शुरू कराया जाएगा.
Also Read: दाखिल-खारिज में लापरवाही पर गया डीएम की बड़ी कार्रवाई, मानपुर सीओ और राजस्व कर्मचारी पर जांच के आदेश
