गया जी से रोहित की रिपोर्ट
Gaya Ji Liquor News: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत गया-कोडरमा रेलखंड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.5 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. जांच के दौरान युवक के बैग से विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर बरामद हुई. आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त शराब के साथ उत्पाद विभाग को सौंप दिया है.
Operation Satark: ऑपरेशन सतर्क के तहत चला विशेष अभियान
आरपीएफ द्वारा रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन सतर्क चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत सहायक उप निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 पर विशेष जांच अभियान चला रही थी.
Gaya Ji Liquor News: फुटओवर ब्रिज के पास युवक पर हुआ शक
जांच के दौरान फुटओवर ब्रिज के समीप काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर एक युवक संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिया. टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके सामान की जांच शुरू की. पूछताछ में युवक ने अपना नाम गौतम कुमार (24 वर्ष) बताया. वह नालंदा जिले के भगवानपुर, नरहर विगहा का निवासी है. आरपीएफ ने पहचान की पुष्टि के बाद बैग की तलाशी ली.
गया जी की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
Gaya Ji News: बैग से बरामद हुई 10.5 लीटर शराब
तलाशी के दौरान बैग से दो बोतल रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की (750 मिली), दो बोतल बकार्डी लेमन व्हिस्की (750 मिली), चार बोतल रॉयल स्टैग (375 मिली) और 12 कैन किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर बरामद हुई. जब्त शराब की कुल मात्रा 10.5 लीटर बताई गई है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 7,380 रुपये आंकी गई है.
Bihar Liquor News: बिहार में बेचने की बात स्वीकार करने का दावा
आरपीएफ के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था. हालांकि मामले की जांच संबंधित विभाग द्वारा आगे बढ़ाई जाएगी. शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर आरपीएफ ने मौके पर ही शराब जब्त कर युवक को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई.
Gaya Ji Liquor News: उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला
आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक और जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, कोडरमा के हवाले कर दिया गया है. अब उत्पाद विभाग मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा. उत्पाद विभाग आरोपी से पूछताछ कर शराब की खरीद और आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच कर सकता है.
Also Read: शिक्षक का दिव्यांग बेटा गया जी से लापता, मानसिक रूप से था विक्षिप्त
