गया जी से हरिबंश कुमार की रिपोर्ट
Gaya ji Education Scam: गया जी जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है. श्री अनुग्रह नारायण सिंह-2 उच्च विद्यालय, सतानन्द सगाही (गुरुआ) के लिपिक जयन्त कुमार सिंह पर फर्जी हस्ताक्षर कर इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के छात्रों की मार्कशीट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज प्राप्त करने का आरोप लगा है. मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीइओ) कृष्ण मुरारी गुप्ता ने लिपिक को शोकॉज जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है.
वरीय शिक्षक के फर्जी हस्ताक्षर से उठाई गई मार्कशीट
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा डीइओ कार्यालय को भेजी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि वरीय शिक्षक संजय कुमार शैलेन्द्र के फर्जी हस्ताक्षर का उपयोग कर पत्रांक-102, दिनांक 03 जून 2026 के माध्यम से इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के अंकपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर लिए गए. रिपोर्ट में इस पूरे कृत्य को गंभीर अनियमितता बताया गया है.
डीइओ ने दिया तीन दिन का अल्टीमेटम
प्रभारी प्रधानाध्यापक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बिना अधिकृत अनुमति और कथित फर्जी हस्ताक्षर के आधार पर मार्कशीट प्राप्त करना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा है. मामले ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए डीइओ कृष्ण मुरारी गुप्ता ने संबंधित लिपिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. आदेश में कहा गया है कि तीन दिनों के भीतर साक्ष्य सहित संतोषजनक जवाब नहीं देने पर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
निलंबन और विभागीय कार्रवाई की चेतावनी
डीइओ कार्यालय द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि यदि आरोपों का उचित जवाब नहीं मिला तो बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत लिपिक को निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी. मार्कशीट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों को लेकर सामने आए इस मामले ने जिले के शिक्षा विभाग में हलचल बढ़ा दी है. अब सभी की निगाहें लिपिक के जवाब और विभागीय जांच की रिपोर्ट पर टिकी हैं.
Also Read: गया जी में तेज आंधी और बारिश से रेल परिचालन ठप, राजधानी-तेजस सहित कई ट्रेनें रुकीं
