Gaya Ji E-rickshaw Battery Hacking : खिजरसराय बाजार में इन दिनों एक बेहद अजीबोगरीब और तकनीकी छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ रहा है. शरारती तत्वों द्वारा मोबाइल ऐप और ब्लूटूथ की मदद से चलते हुए टोटो (ई-रिक्शा) को हैक कर बीच रास्ते में ही बंद किये जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं. नयी तकनीक वाली स्मार्ट बैटरी और एडवांस सिस्टम से लैस ई-रिक्शा को निशाना बनाये जाने से चालकों में दहशत का माहौल है. चलते-चलते अचानक गाड़ी रुक जाने से यात्रियों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
कार्रवाई की लगाई गुहार
इस अनूठी तकनीकी छेड़छाड़ को रोकने के लिए अब टोटो चालकों ने पुलिस-प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञों से तुरंत जांच कर ठोस कार्रवाई करने की गुहार लगायी है, ताकि जल्द ही इस गिरोह या तकनीकी खामी का पर्दाफाश हो सके.
ब्लूटूथ आधारित बीएमएस को हैक कर रहे शरारती तत्व
स्थानीय लोगों और टोटो चालकों के अनुसार, यह समस्या मुख्य रूप से उन नये ई-रिक्शा में आ रही है, जिनमें आधुनिक स्मार्ट बैटरी (लिथियम-आयन) या ब्लूटूथ आधारित बीएमएस (बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम) लगा हुआ है. बताया जा रहा है कि कुछ युवक ब्लूटूथ के जरिये इन चलती गाड़ियों के कंट्रोल सिस्टम से कनेक्ट हो जाते हैं और मोबाइल ऐप से कमांड देकर चलते हुए वाहन को सिर्फ मजे लेने के लिए बंद कर देते हैं.
दुर्घटना और जाम का खतरा
सड़क पर सामान्य रफ्तार में चल रहे टोटो के अचानक रुक जाने से पीछे से आ रहे अन्य वाहनों के टकराने का खतरा लगातार बना रहता है. वाहन के अचानक बंद हो जाने से न सिर्फ यात्रियों को तेज झटका लगता है और असुविधा होती है, बल्कि व्यस्त सड़क पर भारी जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है. इस तकनीकी शरारत के कारण टोटो चालकों को रोजाना आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी उनकी चिंताएं काफी बढ़ गयी हैं.
Also Read : गया जी में बिना मान्यता वाले स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी, DEO ने तीन दिन में मांगी सूची
