गया जी से अरविंद सिंह की रिपोर्ट
Gaya Ji 2 elephants: गया जी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गन्नी पिपरा के समीप सोमवार सुबह जंगल से भटककर दो हाथी आबादी वाले इलाके में पहुंच गए. गांव के पास हाथियों के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. सूचना मिलने पर वन विभाग और फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं.
Gaya Ji News: गांव के पास दो हाथी कैसे पहुंचे?
जानकारी अनुसार फतेहपुर थाना क्षेत्र के गन्नी पिपरा के समीप जंगल से भटककर दो हाथी आबादी वाले इलाके में पहुंच गए. सोमवार सुबह हाथियों के गांव के पास दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण सतर्क हो गए. फिलहाल हाथियों ने किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया है.
गया जी की खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
Gaya Ji 2 elephants: ग्रामीणों में दहशत क्यों है?
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों हाथी संभवतः अपने झुंड से बिछड़कर गांव की ओर आ गए हैं. अनजान क्षेत्र में पहुंचने के कारण दोनों हाथी बेचैन नजर आ रहे हैं. इसी बीच कुछ बच्चे हाथियों को देखने के लिए शोर-शराबा कर रहे हैं, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है.
Gaya Ji Forest Department: वन विभाग ने क्या कार्रवाई शुरू की?
ग्रामीणों ने घटना की सूचना गुरपा वन क्षेत्र के वन रेंजर रजनीश कुमार और फतेहपुर थाना पुलिस को दी. वन रेंजर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है. टीम हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर लौटाने का प्रयास करेगी.
2016 की घटना क्यों आ रही है याद?
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2016 में भी फतेहपुर थाना क्षेत्र में हाथियों का एक झुंड पहुंचा था. उस समय कई घर क्षतिग्रस्त हुए थे और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था. इसी वजह से इस बार भी गांव के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. वन विभाग ने लोगों से हाथियों के पास नहीं जाने, शोर-शराबा नहीं करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है. विभाग का कहना है कि सतर्कता बरतने से किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सकता है.
Also Read: गया जी में मुखिया के घर सेंधमारी, खिड़की तोड़कर अंदर घुसे चोर, मौके पर छोड़ गए अहम सुराग
