Gaya Breaking News: (बांके बाजार से प्रमोद कुमार) जिले के रोशनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बैताल पंचायत के कुबड़ी गांव में मंगलवार दोपहर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से एक महिला की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्यों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया. आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया.
आग की चपेट में आने से महिला की मौत
जानकारी के अनुसार कुबड़ी गांव निवासी कैलाश साव के घर मंगलवार की दोपहर अचानक भीषण आग लग गई. आग तेजी से फैलती चली गई और घर के अंदर मौजूद कैलाश साव की पत्नी उसकी चपेट में आ गईं. गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई .
ग्रामीणों ने तीन लोगों को बचाया
घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची . दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित करने की कोशिश जारी रही .
शॉर्ट सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से हादसे की आशंका
हालांकि आग लगने के सही कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है. आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है. प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है. घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है . स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है.
Also Read: गया में बिजली विभाग का बड़ा अभियान, अब नुक्कड़ नाटक से समझाए जाएंगे स्मार्ट मीटर और सोलर के फायदे
