Gaya News: (गया से रौशन कुमार) जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया. कुएं में गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के लिए कुएं में उतरे एक ग्रामीण की भी जान चली गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. दूसरी ओर बोधगया में एक बच्ची की मौत पानी में डूबने से हो गई. दोनों ही घटनाओं का पुलिस जांच कर रही है. सुबह सुबह तीन लोगों की डूबने से मौत की सूचना मिल रही है.
शौच के लिए गई महिला अचानक कुएं में गिरी
मोहनपुर थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में एक महिला शौच के लिए घर से बाहर गई थी. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर पड़ी. महिला को डूबता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई .
महिला को बचाने कूदा ग्रामीण
महिला को बचाने के लिए एक ग्रामीण तुरंत कुएं में कूद पड़ा, लेकिन गहरे पानी और दम घुटने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई. घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई. मोहनपुर थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया भेज दिया गया है.
बोधगया में पानी में डूबने से बच्ची की मौत
वहीं, दूसरी ओर बोधगया इलाके से भी पानी में डूबने से एक बच्ची की मौत की सूचना सामने आई है . एमयू थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. फिलहाल पुलिस दोनों की मामलों की जांच कर रही है.
Also Read: गया में अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने जोगिया पहाड़ के समीप की छापेमारी
