Bodh Gaya News: (बोधगया से कलेन्द्र प्रताप) जिले के बोधगया स्थित बापू नगर मोहल्ले में एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बच्ची की जान चली गई. खेलते समय पानी भरे गड्ढे में गिरने से मासूम की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है. देर रात तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. काफी तलाश के बाद बच्ची का शव मोहल्ले के एक पानी भरे गड्ढे से बरामद हुआ. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घर के पास खेलते समय अचानक लापता हो गई बच्ची
जानकारी के अनुसार बापू नगर मोहल्ले निवासी लखन दास की पोती और दिनेश रविदास की छह वर्षीय बेटी अलोकी कुमारी सोमवार की देर शाम घर के पास खेल रही थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई. खोजबीन के दौरान लोगों को मोहल्ले में स्थित एक पानी भरे गड्ढे में बच्ची का शव दिखाई दिया. इसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई . सूचना मिलते ही मगध विश्वविद्यालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया.
घर निर्माण के लिए खोदा गया था गड्ढा
बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति द्वारा घर निर्माण के दौरान ईंट और अन्य सामग्री रखने के लिए गड्ढा खोदा गया था. बाद में उस गड्ढे को भरा नहीं गया और उसमें पानी जमा हो गया था. बाहर से देखने पर गड्ढे का अंदाजा नहीं लग पा रहा था, जिससे बच्ची उसमें गिर गई और बाहर नहीं निकल सकी.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
मगध विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष संदीप चौहान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है . फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है . पुलिस पानी भरे गड्ढे और घटना के कारणों की विशेष जांच कर रही है.
Also Read: गया में दर्दनाक हादसा, डूबने से तीन की मौत, गांव में पसरा मातम
