Gaya Ji International Airport : बोधगया स्थित गया जी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के फनल एरिया से गुजरने वाली गया-बोधगया फोरलेन सड़क विमान हादसा का बड़ा कारण बन सकता है. फोरलेन सड़क की वर्तमान ऊंचाई को लेकर गया जी एयरपोर्ट प्रशासन ने इस बात पर आपत्ति जता चुका है. उनका कहना है कि फनल एरिया यानी रनवे के सामने से गुजरने वाली सड़क की ऊंचाई वर्तमान ऊंचाई से एक मीटर कम होने चाहिए.
गया-बोधगया सड़क पर गाड़ियों की लगातार आवाजाही से बढ़ी परेशानी
उनका कहना है कि लैंडिंग के वक्त विमानों की ऊंचाई काफी हो जाती है और एयरपोर्ट की चहारदीवारी से सटे गुजरने वाली गया-बोधगया सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही भी अनवरत जारी रहता है. ऐसे में अब जबकि फोरलेन सड़क का निर्माण किया जा रहा है, पूर्व से मौजूद सड़क की ऊंचाई से भी ज्यादा है.
ऐसे में सड़क निर्माण के बाद उस पर ज्यादा ऊंचाई वाले गाड़ियों यथा, कंटेनर या ओवरलोडेड गाड़ियों के गुजरते वक्त किसी विमान की लैंडिंग हो गयी, तब संभव है कि विमान की टक्कर कंटेनर वगैरह से हो सकती है. लैंडिंग के वक्त विमानों के टायर वाले हिस्से भी विमान से काफी नीचे होते हैं.
एयरपोर्ट प्रशासन की आपत्ति के बावजूद जारी रहा निर्माण
इस संबंध में गया जी एयरपोर्ट के डायरेक्टर अवधेश कुमार ने बताया कि पिछले दिनों एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक में यह मसला उठाया गया था. वस्तुस्थिति को देखते हुए सदस्यों ने भी सड़क की ऊंचाई कम रखने को कहा था.
इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन के माध्यम से बिहार सरकार को इससे संबंधित पत्राचार भी किया गया है. उसमें विमान हादसे की आशंका जताते हुए सड़क की ऊंचाई को कम करने की बात कही गयी है. लेकिन, इस दिशा में कोई पहल नहीं की गयी और सड़क निर्माण का काम जारी है.
बहरहाल, देशी-विदेशी विमानों के आवाजाही होने वाले गया जी एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त विमान हादसे न हों सके, इसे लेकर गंभीरता बरतने की तत्काल जरूरत महसूस की जा रही है.
