बोधगया. मगध विश्वविद्यालय का 64वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को मगध विश्वविद्यालय कैंपस स्थित शिक्षा विभाग के सभागार में आयोजित किया जायेगा. स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह होंगे व बिहार विधान परिषद के सदस्य डॉ संजीव कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मगध यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर एसपी शाही करेंगे. सुबह 11 बजे से शिक्षा विभाग स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में कार्यक्रम शुरू होगा. उल्लेखनीय है कि मगध यूनिवर्सिटी की स्थापना 1961 में हुई थी. तब से मगध विश्वविद्यालय से विभाजित कर वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय व उसके बाद पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय बनाया गया. फिलहाल मगध विश्वविद्यालय के अंतर्गत गया, औरंगाबाद ,नवादा, जहानाबाद व अरवल में 19 अंगीभूत कॉलेज व 70 से ज्यादा संबद्ध कॉलेज मौजूद हैं. विश्वविद्यालय मुख्यालय में स्नातकोत्तर सहित स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर के वोकेशनल कोर्स को मिलाकर कुल 41 पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है. मगध विश्वविद्यालय के विशाल कैंपस में ही पिछले वर्षों से आइआइएम की स्थापना की गयी. फिलहाल मगध विश्वविद्यालय की परीक्षाएं नियमित सत्र की ओर अग्रसर हैं व कुछ नये कोर्सों की भी पढ़ाई शुरू होने वाली है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
