गया जी : शहीद जवानों के लिए पहली बार निकलेगी तर्पण यात्रा, दो अक्टूबर को होगा आयोजन

गया जी में भारतीय सेना के शहीद जवानों की स्मृति में पहली बार तर्पण यात्रा निकाली जाएगी. यह आयोजन गांधी जयंती के दिन, 2 अक्टूबर को सिकरिया मोड़ से सीताकुंड तक होगा, जो वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और श्रद्धा प्रकट करेगा.

भारतीय सेना के शहीद जवानों की स्मृति और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से गया जी में गांधी जयंती के दिन दो अक्तूबर को सिकरिया मोड़ से सीताकुंड तक पहली बार तर्पण यात्रा निकाली जायेगी. यह जानकारी शहर के किशोरी मोहन कंप्लेक्स सिकड़िया मोड़ स्थित रघुनंदन जी सेवा समिति कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में थल सेना के धर्म शिक्षक संजीत तिवारी ने दी.

उन्होंने बताया कि समिति पिछले तीन वर्षों से शहीद जवानों की स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कर रही है. इस बार का आयोजन विशेष रूप से भारतीय सेना के शहीद जवानों को समर्पित है. उन्होंने कहा कि कथा का उद्देश्य जनकल्याण के साथ वीर जवानों के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करना है.

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम सैनिकों के लिए समर्पित जरूर है, लेकिन कथा का लाभ सभी आम नागरिकों को भी मिलेगा. उन्होंने बताया कि जेल रोड स्थित जेल प्रेस कॉलोनी के एक बड़े कंपाउंड में 17 सितंबर से चार अक्तूबर तक श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है. इसी कड़ी में दो अक्तूबर को कार्यक्रम स्थल से सीताकुंड तक तर्पण यात्रा निकाली जायेगी. यह तर्पण यात्रा सिकरिया मोड़ से पांच नंबर गेट, बाईपास होते हुए सीताकुंड पहुंचेगी, जहां विधिवत तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा.

तर्पण यात्रा में कई सैनिक भी शामिल होंगे. शहीद जवानों की स्मृति में इस तरह की तर्पण यात्रा और तर्पण का आयोजन गयाजी में पहली बार किया जा रहा है. समिति की ओर से पितृपक्ष महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान पूरी तरह भारतीय सेना के वीर शहीद जवानों को समर्पित रहेगा. श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ की शुरुआत 27 सितंबर को कलश यात्रा के साथ होगी. यज्ञ स्थल से श्रद्धालु माथे पर कलश लेकर सिंगरा स्थान पहुंचेंगे व यहां से कलश में जल भरी कर वापस यज्ञ स्थल पहुंचकर उसे स्थापित करेंगे.

उन्होंने बताया कि महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक कथा का मूल पाठ तथा शाम 3:30 बजे से 7:30 बजे तक कथा एवं प्रवचन होगा. वृंदावन से आचार्य श्री कृष्ण निलेश शास्त्री श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा सुनाएंगे.

समिति के कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार तिवारी ने बताया कि शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कर्नल विक्रम सिंह विधिवत अनुष्ठान में शामिल होकर कार्यक्रम को संपन्न कराएंगे. उन्होंने बताया कि इनके अलावा लेह के गलवान घाटी में शहीद हुए 16 बिहार बटालियन के सैनिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस मौके पर समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राजा मिश्रा, सह संयोजक बबलू सिंह भी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नीरज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >