फोटो प्रतिनिधि, गुरुआ गुरुआ प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग की ओर से गुरुवार को अग्नि सुरक्षा व बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान गुरुआ बाजार, बड़ही बिगहा, टंडवा मोड़ समेत अन्य स्थानों पर लोगों, होटल संचालकों एवं स्कूल प्रबंधन को अग्निशामक यंत्र के उपयोग और उसके महत्व की जानकारी दी गयी. अग्नि चालक मुकेश कुमार व अग्नि सिपाही सुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि आग लगने की अधिकांश घटनाओं में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं. यदि भवनों में अग्निशामक यंत्र उपलब्ध हों और उनका सही तरीके से उपयोग करना आता हो, तो बड़ी दुर्घटनाओं को आसानी से टाला जा सकता है. उन्होंने होटल, विद्यालय, प्रतिष्ठान व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अनिवार्य रूप से अग्निशामक यंत्र लगाने की अपील की. साथ ही उपस्थित लोगों को अग्निशामक यंत्र चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि समय-समय पर अग्निशामक यंत्रों की जांच और रखरखाव आवश्यक है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके. इस अभियान के दौरान लोगों से विद्युत सुरक्षा, गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग तथा आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना देने और प्राथमिक बचाव के उपाय अपनाने की भी अपील की गयी. स्थानीय लोगों ने इस प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए अग्निशमन विभाग की पहल की सराहना की.
अग्नि सुरक्षा के प्रति लोगों को किया जागरूक

जानकारी देते कर्मी | Prabhat Khabar Network
Copied link
गुरुआ में अग्निशमन विभाग ने अग्नि सुरक्षा और बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया। लोगों को अग्निशामक यंत्रों के उपयोग और सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय सिखाए गए।