गुरुआ. गुरुआ प्रखंड की नदौरा पंचायत के सीताचुआं गांव के किसान राजेश यादव व रामध्यान यादव के खलिहान में अचानक भीषण आग लग गयी. इससे करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. वहीं, हरिनारायणपुर गांव के महादलित टोले में शाॅर्ट सर्किट से वीरेंद्र मंडल के मकान में आग लग गयी. इस घटना में खटिया, चौकी, बर्तन, अनाज, मुर्गी समेत करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गयी. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने चापाकल के माध्यम से आग बुझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन पछुआ हवा के कारण आग की लपट काफी तेज हो गयी थी. इसके कारण आग पर पानी का कोई असर नहीं हुआ. इस घटना की जानकारी पाकर नदौरा पंचायत के मुखिया सोविंद कुमार सुमन ने अग्नि पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
