Gaya Ji Assault Case (अरविंद कुमार) : गया जी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नागवार गांव में एक महादलित परिवार ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. पीड़ित सचिन चौधरी ने बताया कि 18 अगस्त को उसका भाई ट्रैक्टर पर जा रहा था, इसी दौरान उसके ऑपरेटर ने किसी के समर्थन में एक गाना बजा दिया. गाना बजाने को लेकर गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने उसके साथ मारपीट की, हालांकि उसने तत्काल मौके पर ही माफी मांग ली थी.
पुलिस में शिकायत और जांच के लिए टीम का गठन
घटना के बाद राकेश चौधरी ने 19 अगस्त को फतेहपुर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर शुक्रवार, 21 अगस्त की दोपहर एसआई सचिन कुमार के नेतृत्व में फतेहपुर पुलिस मामले की जांच करने नागवार गांव पहुंची थी. पुलिस टीम आरोपियों के घर जाकर घटना की पूरी जानकारी ले रही थी.
पुलिस के लौटने के बाद दोबारा मारपीट की घटना
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस के गांव से वापस फतेहपुर की ओर लौटने के बाद फिर से दबंगों ने सचिन चौधरी के परिजनों के साथ मारपीट की.
इस अचानक हुए हमले से गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई और घटना के बाद शुक्रवार की देर शाम पीड़ित परिवार के लोगों ने फतेहपुर थाना पहुंचकर दोबारा लिखित शिकायत दर्ज कराई.
Also Read : पर्यटन का नया ठिकाना बन सकती है गया जी की मंडा पहाड़ी, 7 गुफाएं और प्राचीन मूर्तियां हैं खास आकर्षण
थानाध्यक्ष का बयान और पुलिसिया कार्रवाई
इधर, फतेहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पूर्व में दर्ज शिकायत की जांच के लिए पुलिस टीम गांव गई थी. पुलिस के लौटने के बाद दोबारा मारपीट किए जाने का आरोप पीड़ित परिवार द्वारा लगाया गया है.
पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मारपीट की घटना में एक महिला समेत दो घायल
सामने आई जानकारी के अनुसार, इस मारपीट की ताजा घटना में एक महिला समेत कुल दो लोग घायल हो गए हैं.
