गया जी के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 11 वर्षीय बच्ची को बाइक सवार युवक और महिला द्वारा कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है. बच्ची के अनुसार, दोनों उसे चॉकलेट देने का प्रलोभन दे रहे थे, लेकिन उसने चॉकलेट लेने से इनकार कर दिया और वहां से आगे बढ़ने लगी.
इसी दौरान महिला ने उसके मुंह पर कोई पदार्थ लगा दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गयी. कुछ देर बाद होश आने पर बच्ची द्वारा शोर मचाने के बाद दोनों उसे करीब तीन किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गये.
चॉकलेट का प्रलोभन
जानकारी के अनुसार फतेहपुर नगर पंचायत क्षेत्र के इटमा निवासी संतोष केसरी की 11 वर्षीय पुत्री प्रियांशी कुमारी शुक्रवार को अपने पिता को खाना पहुंचाने के लिए संत ट्रेसा स्कूल के समीप स्थित उनके मिल पर गयी थी. खाना पहुंचाने के बाद वह वापस अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार एक युवक और महिला ने उसे रोककर चॉकलेट देने की बात कही.
मुंह पर लगाया पदार्थ
बच्ची के अनुसार, उसने चॉकलेट लेने से इनकार कर दिया और आगे बढ़ने लगी. इसी दौरान महिला ने उसके मुंह पर कुछ लगा दिया, जिसके बाद उसे कुछ पता नहीं चला और वह बेहोश हो गयी.
बच्ची ने बताया कि कुछ देर बाद जब उसे होश आया तो उसने शोर मचाना शुरू किया. इसके बाद दोनों उसे बरसोना - हलमाता सड़क मार्ग के समीप सुनसान स्थान पर छोड़कर वहां से फरार हो गये.
ग्रामीणों ने पहुंचाया घर
बाद में आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर बच्ची पर पड़ी. ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की और उसे टेंपो पर बैठाकर वापस उसके घर भेज दिया. घर पहुंचने के बाद बच्ची ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद से परिजनों के बीच भय का माहौल बना हुआ है.
थाने में शिकायत नहीं
घटना के संबंध में पीड़ित परिवार की ओर से शुक्रवार तक फतेहपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी थी. हालांकि, बच्ची के साथ हुई कथित घटना की जानकारी इलाके में फैलने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गयी है.
ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. इधर अपर थाना प्रभारी रामकृपाल यादव ने बताया कि घटना को लेकर किसी के द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई है और ना ही कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है.
