अमीरगंज गांव में संदिग्ध हालत में बुजुर्ग की मौत, हत्या की आशंका

पड़ोसी से चल रहा था जमीन विवाद, पुलिस कर रही जांच

पड़ोसी से चल रहा था जमीन विवाद, पुलिस कर रही जांच

प्रतिनिधि, गुरुआ. गुरुआ थाना क्षेत्र के अमीरगंज गांव में 60 वर्षीय दिलचंद मांझी का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी और गांव में शोक व दहशत का माहौल बन गया. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उनकी मौत स्वाभाविक है या फिर हत्या का मामला है. हालांकि, गले पर निशान और कान से खून निकलने की बात सामने आने के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जतायी है. ग्रामीणों के अनुसार, दिलचंद मांझी बुधवार की रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गये थे. बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे वे एक बार जागे भी थे. लेकिन, सुबह देर तक नहीं उठने पर परिवार के सदस्य उन्हें जगाने पहुंचे, तो इस दौरान उन्होंने देखा कि दिलचंद मांझी खाट पर मृत अवस्था में पड़े हुए हैं. शरीर पर मिले संदिग्ध निशानों को देखकर परिजन और ग्रामीण दंग रह गये. परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी व्यक्ति के साथ कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में गला दबाकर उनकी हत्या की गयी है.

बताया जा रहा है कि जिस घर में वे सो रहे थे, उसमें दरवाजा नहीं लगा था, जिससे अपराधियों के लिए घटना को अंजाम देना आसान हो गया. परिवार को रात में किसी तरह की भनक तक नहीं लगी. इधर, यह भी चर्चा है कि आखिर दो बजे रात तक क्यों जागे थे. घटना की सूचना मिलते ही शेरघाटी डीएसपी अजय कुमार और गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता पूर्वक जांच की. जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल गया भेज दिया.

तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा कि मौत या हत्या. फिलहाल, डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम घटनास्थल की जांच की जा रही है. मामले की निष्पक्ष छानबीन जारी है. इधर, मृतक की पुत्र बधू प्रीति कुमारी ने जमीनी विवाद बताते हुए तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. सभी आरोपित घर छोड़कर फरार बताये जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rohit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >