Barachatti Murder Case : गया जी जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया. भलूआ बाजार में बड़े भाई ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर छोटे भाई की हत्या कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
लोहे की रॉड से सिर पर किया हमला
मृतक की पहचान बाराचट्टी के भलूआ बाजार निवासी रामदेव साव के रूप में हुई है. मृतक चाय-पकौड़ी की दुकान चलाता था. बड़े भाई ने घरेलू विवाद में हत्या कर दी है. जानकारी के अनुसार, रामदेव साव और उनके बड़े भाई गुड्डू साव के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. सोमवार सुबह विवाद के दौरान बड़े भाई ने रामदेव के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से वह मौके पर गिर पड़े और अधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक रामदेव साव अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
घटना के बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बाराचट्टी थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी गुड्डू साव को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया गया.
पुलिस कर रही मामले की जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या की वजह घरेलू विवाद बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.
Also Read : गया जी : गुरुआ के इस गांव में सड़क बनी तालाब, नाली नहीं बनने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल
