गया जी : गड्ढों और कीचड़ से डुमरिया-झारखंड सड़क बदहाल, बसों का रूट बदला; बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी

गया जी की डुमरिया से झारखंड को जोड़ने वाली 13 किमी की सड़क जर्जर हो गई है. बारिश के बाद बड़े वाहनों के फंसने से आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे बसों का रूट बदलना पड़ा है. स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है.

Gaya Ji News : गया जी की डुमरिया हाई स्कूल से कविसा होते हुए झारखंड को जोड़ने वाली करीब 13 किलोमीटर लंबी सड़क इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. सड़क की हालत इतनी जर्जर हो गई है कि बारिश के बाद जगह-जगह बने गड्ढों और कीचड़ में प्रतिदिन बड़े वाहन फंस रहे हैं.

इससे इमामगंज-रानीगंज से डुमरिया होते हुए झारखंड जाने वाली बसों का परिचालन भी प्रभावित हो गया है. बस संचालक कविसा के बजाय पोखरपुर के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं.

पढ़ाई पर असर

सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है. बड़े वाहनों के गड्ढों में फंसने से सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे स्कूली वाहनों को गुजरने में परेशानी होती है. कई बार बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.

ग्रामीणों की परेशानी

गोटिबांध निवासी राकेश राय, अनिल राय, पिंटू राय, यमुना सिंह, कांति देवी और सुनीता देवी ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं. बारिश के बाद इनमें पानी और कीचड़ जमा हो जाता है.

आए दिन ट्रक और हाइवा जैसे बड़े वाहन फंस जाते हैं, जिससे अन्य वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की स्थिति के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

बैठक में उठा मुद्दा

गोटिबांध, कोलसैयता, कर्मा, टेलियाडीह, कविसा सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों में सड़क की बदहाली को लेकर नाराजगी है.

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत का मामला हाल ही में प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया गया था. इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है.

मरम्मत की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बसों का परिचालन सामान्य हो सके और स्कूली बच्चों समेत आम लोगों को आवागमन में राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >