Dobhi Road Accident Gaya : गया जी के डोभी थाना क्षेत्र के चतरा मोड़ के पास इंडियन पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान थाना क्षेत्र के ओरवदोहर निवासी पिंटू यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री का काम करते हैं.
पेट्रोल भरवाने जाते समय ट्रक कंटेनर की चपेट में आए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिंटू यादव शुक्रवार की शाम अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए इंडियन पेट्रोल पंप पर जा रहे थे. इसी दौरान शेरघाटी की ओर से आ रहे एक ट्रक कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक चालक पिंटू यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और वाहन जब्ती
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस बात की सूचना दी. डोभी थाने की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चालक सहित ट्रक कंटेनर को पकड़कर थाने ले आई और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है.
अस्पताल में इलाज और गंभीर स्थिति
इधर, घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया, जहां उनकी स्थिति अत्यधिक गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
Also Read : पर्यटन का नया ठिकाना बन सकती है गया जी की मंडा पहाड़ी, 7 गुफाएं और प्राचीन मूर्तियां हैं खास आकर्षण
थानाध्यक्ष का बयान और स्थानीय लोगों की मांग
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर पुलिस टीम ने पूछताछ शुरू कर दी है तथा ट्रक और बाइक को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है. पुलिस आगे की जांच कर घटना के कारणों का पता लगा रही है.
वहीं, स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस जगह पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, इसलिए प्रशासन से सड़क पर सावधानी बरतने और तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की गई है.
