बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, उन्हें मोबाइल व डिजिटल स्क्रीन की बढ़ती लत से दूर रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने की गया जी जिला एथलेटिक्स संघ ने पहल की है. एक अगस्त को गांधी मैदान स्थित हरिहर सुब्रह्मण्यम स्टेडियम में जिला किड्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया है.
प्रतियोगिता में लगभग 350 नन्हे खिलाड़ी अंडर-6, अंडर-8, अंडर-10 एवं अंडर-12 आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बच्चे भाग लेंगे. बच्चों को कम उम्र से ही खेलों से जोड़कर उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक फिटनेस, टीम भावना व प्रतिस्पर्धात्मक सोच विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न ट्रैक व फील्ड स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा.
मुख्य अतिथि और गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार होंगे. वहीं गया जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हरि प्रपन्न, गया जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष मोती करीमी, गया जिला ओलंपिक संघ के संरक्षक डॉ. नवनीत निश्चल सहित अन्य मौजूद रहेंगे.
संघ के सचिव का बयान और उद्देश्य
गया जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का अधिक समय मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन पर बीत रहा है. ऐसे में उन्हें खेल के मैदान से जोड़ना समय की आवश्यकता है.
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा कराना नहीं, बल्कि बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है. उन्होंने अभिभावकों, विद्यालयों एवं खेल प्रेमियों से बच्चों को अधिक से अधिक खेलों के लिए प्रेरित करने की अपील की.
Also Read : डीडीयू रेल मंडल में ट्रैफिक विभाग के 44 रेलकर्मियों का तबादला, गया जंक्शन के कई अधिकारी भी बदले
