Gaya College National Sports Day : गया कॉलेज के शिक्षाशास्त्र विभाग में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती सह राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया. कॉलेज के प्राचार्य प्रो सतीश सिंह चंद्र के दिशा-निर्देश में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें बालक व बालिका वर्ग की बैडमिंटन प्रतियोगिता प्रमुख रही. इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का बढ़-चढ़कर प्रदर्शन किया.
खेल से होता है शारीरिक व मानसिक विकास : डॉ धनंजय धीरज
विभागाध्यक्ष डॉ धनंजय धीरज ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं.
उन्होंने विद्यार्थियों से हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया.
आने वाले दिनों में एशियाड और ओलंपिक में दिखेगी गया कॉलेज के खिलाड़ियों की चमक
डॉ धीरज ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में गया कॉलेज के खिलाड़ी एशियाड और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रतिनिधित्व कर महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे.
पुरुष वर्ग में आयुष और महिला वर्ग में ज्योत्सना बनीं बैडमिंटन विजेता
बैडमिंटन के पुरुष वर्ग में आयुष राज विजेता तथा दिवाकर कुमार उपविजेता रहे. वहीं बालिका वर्ग में ज्योत्सना ने प्रथम और अंजली राज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. प्रतियोगिताएं खेल प्रशिक्षक विदुषी कुमारी की देखरेख में सफलता पूर्वक संपन्न हुईं.
विजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
सभी विजेता खिलाड़ियों को विभाग की ओर से मेडल एवं प्रशस्ति पत्र दिए गए. सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खिल उठे. इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक अमरेंद्र कुमार, निकहत परवीन व अजय शर्मा सहित शिक्षकेत्तर कर्मचारी संगीता राय, मोजाहिद इमाम अहमद, विकास कुमार व मोहम्मद साबिर उपस्थित रहे. सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया.
