Gaya Ji Sawan Somwari: गुरुआ प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बैजूधाम में सावन की दूसरी सोमवारी पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. श्रद्धालुओं की भीड़ देर शाम तक जारी रही. भक्त कतारबद्ध होकर बाबा भोलेनाथ का दर्शन और जलाभिषेक करते नजर आए. मंदिर परिसर पूरे दिन ‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय बना रहा.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. वहीं मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कमेंद्र कुमार, सचिव आशुतोष कुमार, हीरालाल यादव, बसंत कुमार समेत अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन और जलाभिषेक कराने में सहयोग किया. प्रशासन के अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी डॉ हरेन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में कैंप लगाया. टीम ने कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अपनी सेवाएं प्रदान कीं.
परिवार के साथ पहुंचे श्रद्धालु
बाबा बैजूधाम में पूजा-अर्चना के लिए सगाही और गया के प्रसिद्ध व्यवसायी प्रमोद कुमार व शीला देवी, गुरुआ के अरविंद कुमार बालाजी, टिकारी के संजय सिंह समेत कई श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचे. सभी ने बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
मंदिर के आसपास सजीं प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानें
सोमवारी को लेकर मंदिर के आसपास फल, फूल, प्रसाद, श्रृंगार सामग्री, मिठाई समेत अन्य सामानों की दुकानें सजी रहीं. इन दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही से गुलजार रहा.
