गुरुआ. गुरुआ प्रखंड के पकरी गांव के निकट उत्तर कोयल नहर के 335.50 आरडी पर पुल नहीं होने के कारण उस गांव के ग्रामीण बांस-बल्ले के सहारे पुल बनाकर आवागमन करते हैं. लेकिन, अब उत्तर कोयल नहर का जीर्णोद्धार कार्य शुरू हो गया है. इसलिए वहां के ग्रामीणों ने फिर उत्तर कोयल नहर विभाग के कार्यपालक अभियंता को लिखित आवेदन देकर पुल निर्माण की मांग किया है. पकरी गांव के ग्रामीण सत्येंद्र कुमार वर्मा, सुधा कुमारी, जमेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, अनिल कुमार वर्मा, योगेंद्र प्रसाद वर्मा, सेवानिवृत्त पोस्टमास्टर राम लखन प्रसाद, उपेंद्र प्रसाद, राजाराम सिंह समेत कई लोगों ने बताया कि हमलोगों की खेती नहर के दूसरे तरफ है. इसलिए हमलोग 1987 से लगातार उत्तर कोयल नहर पर पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं. लेकिन, विभाग सिर्फ आश्वासन दे रहा है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
