बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना की ओर से आयोजित डीएलएड (फेस-टू-फेस) पाठ्यक्रम प्रशिक्षण सत्र 2025-27 के फर्स्ट इयर की परीक्षा व 2024-26 के द्वितीय वर्ष की परीक्षा 24 जुलाई से शुरू होगी.
परीक्षा के सफल, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन गया ने संयुक्त आदेश जारी किया है. डीएम व एसएसपी के संयुक्त आदेश के तहत परीक्षा संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
गया जी में बनाए गए 4 परीक्षा केंद्र
गया जिले में कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दोनों सत्रों की परीक्षाएं आयोजित होंगी:
- महावीर इंटर कॉलेज, स्वराजपुरी रोड
- राजकीय गर्ल्स प्लस-2 स्कूल, रमना रोड
- प्लस टू क्वासिमी हाईस्कूल
- टी मॉडल इंटर स्कूल, जीबी रोड
इन केंद्रों पर गया जिले के 17 बीएड व डीएलएड कॉलेजों में अध्ययनरत परीक्षार्थी शामिल होंगे.
सत्रवार परीक्षार्थियों की संख्या
सत्र 2025-27 के प्रथम वर्ष की परीक्षा में जिले के विभिन्न डीएलएड संस्थानों के 1,747 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि 2024-26 के द्वितीय वर्ष की बैकलॉग विषयों की परीक्षा में 1,723 परीक्षार्थी भाग लेंगे. इस प्रकार दोनों परीक्षाओं में कुल 3,470 अभ्यर्थी शामिल होंगे.
परीक्षा की समय-सारणी व पालियां
- द्वितीय वर्ष की परीक्षा: 24 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक
- प्रथम वर्ष की परीक्षा: 31 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी:
- प्रथम पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक
- द्वितीय पाली: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए विशेष दिशा-निर्देश
परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पूर्व निर्धारित समय तक केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा. जिला प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम के साथ कदाचार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है. परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र (Admit Card) एवं वैध पहचान पत्र के साथ समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया गया है.
Also Read : गया जी : तीन दिन की बारिश से टूटी सड़क बनी परेशानी, शिकायत के बाद प्रशासन ने कराया दुरुस्त
