बाराचट्टी. मोहनपुर प्रखंड के उदीखाप गांव को जोड़नेवाली सड़क का निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में काफी खुशी है. बाराचट्टी प्रखंड के चौरिया गांव के समीप से निकली सड़क उदीखाप गांव तक जाती है. सड़क बदहाल रहने के कारण ग्रामीणों को पिछले कई साल से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर शासन-प्रशासन के लोगों से कई बार गुहार लगायी थी. ग्रामीणों की आवाज हर बार दब जा रही थी. एक बार ग्रामीणों ने अपने प्रयास से मिट्टी आदि भरने का कार्य किया था, ताकि लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिले. सड़क के कुछ हिस्से पर वन विभाग अपना जमीन बताता है. इस कारण भी निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी. तमाम बाधाओं को पार करने के बाद सड़क निर्माण का शुरू होने से लोगों में काफी खुशी है. सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीण सैफ अली, सोनाली कुमारी, खुशबू कुमारी व अंजू कुमारी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लोगों को अब आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
