Gaya Ji News : अयोध्या के विराट राम मंदिर में रामलला के भक्तों द्वारा अर्पित किए गए दान और चढ़ावे की चोरी ने पूरे संसार के सनातनियों को झकझोर कर रख दिया है. उक्त बातें कांग्रेस पार्टी के नेता विजय कुमार मिठू ने कहीं. उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों के राज में भगवान के घर में ही आस्था पर सरेआम डाका डाला जा रहा है. इस घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज के विभिन्न वर्गों में इस सुरक्षा चूक को लेकर गहरा असंतोष व्याप्त है.
कांग्रेस निकालेगी देशव्यापी 'उजागर यात्रा'
इस महापाप और महाघोटाले के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बिहार के गयाजी में लगातार चरणबद्ध आंदोलन के तहत धरना-प्रदर्शन व पुतला दहन किया जा रहा है. इसके साथ ही आगे रामायण सर्किट गयाजी के सीता कुंड मंदिर परिसर में रथयात्रा के दिन 16 जुलाई को गयाजी से अयोध्या श्रीराम मंदिर तक की 'चढ़ावा चोरी उजागर यात्रा' आयोजित की जाएगी. इसके बाद नौ अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन के दिन दिल्ली कूच करने का भी कार्यक्रम तय किया गया है.
निष्पक्ष जांच कराने की उठी मांग
उन्होंने कहा कि 40 दिनों के भीतर 70 बार हुई चोरी की घटनाएं कोई सामान्य बात नहीं हैं. यह भक्तों की आस्था और उनकी गाढ़ी कमाई की सुनियोजित लूट है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
Also Read : गया जी : एसएमएसजी कॉलेज में अवैध वसूली का आरोप, एबीवीपी ने की कार्रवाई की मांग
