गयाजी में 18 साल से अधर में ऐरू स्टील प्लांट, कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार पर उठाया सवाल

गया के ऐरू गांव में 18 वर्षों से लंबित स्टील प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कांग्रेस ने केंद्र और बिहार सरकार से की मांग।

Gayaji News : गयाजी के वजीरगंज प्रखंड के ऐरू गांव में पिछले 18 वर्षों से लंबित स्टील प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने को लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और बिहार सरकार पर सवाल उठाये हैं. बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह ऐरू स्टील प्रोसेसिंग प्लांट निर्माण कराओ संघर्ष समिति के संयोजक विजय कुमार मिट्ठू सहित अन्य नेताओं ने परियोजना का निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग की है.

2008 में रखी गयी थी प्लांट की आधारशिला

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2008 में तत्कालीन केंद्रीय इस्पात मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान ने उद्योग विहीन गया जिले में स्टील प्लांट निर्माण के लिए ऐरू गांव में आधारशिला रखी थी. प्लांट के लिए किसानों से करीब 31 एकड़ जमीन अधिगृहित की गयी थी. जमीन का मुआवजा देने के बाद मिट्टी जांच की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गयी थी.

एनओसी मिलने के बाद भी नहीं शुरू हुआ निर्माण

नेताओं के अनुसार, इसके बाद स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से बिहार सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने के लिए गया सदर अनुमंडल पदाधिकारी और वजीरगंज अंचल अधिकारी को पत्र भेजा गया था. संघर्ष समिति के लगातार आंदोलन के बाद वर्ष 2013 में अनापत्ति प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया. इसके बावजूद परियोजना का निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका.

2014 के बाद कई बार आंदोलन, फिर भी नहीं निकला समाधान

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में एनडीए सरकार बनने के बाद ऐरू से लेकर वजीरगंज, गया, पटना और दिल्ली तक कई बार आंदोलन किया गया. इसके बावजूद 18 वर्षों से लंबित परियोजना पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ. इससे स्थानीय लोगों में निराशा है.

डोभी में स्टील प्लांट की घोषणा के बाद उठे सवाल

विजय कुमार मिट्ठू, चंद्रिका किशोर सिंह, डॉ अमर सिंह सिरमौर, सतीश कुमार सिंह, तपेस्वर पुरी, प्रदीप मांझी, रामपुकार सिंह, मिथिलेश सिंह और साधु शरण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा डोभी में औद्योगिक कॉरिडोर की जमीन पर छह हजार करोड़ रुपये के निवेश से स्टील प्लांट लगाने की घोषणा के बाद ऐरू में अधिगृहित 31 एकड़ जमीन को लेकर लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं.

सांसद ने भी निर्माण शुरू कराने का किया था आग्रह

नेताओं ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान गया में प्रधानमंत्री की सभा में स्थानीय सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी ऐरू स्टील प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण शुरू कराने का आग्रह किया था. इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है.

कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी से 18 वर्षों से लंबित परियोजना का निर्माण कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग दोहरायी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amrendra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >