NEET 2026 Result : गया जी के खिजरसराय प्रखंड के चिरैली बाजार निवासी व्यवसायी राम साव की पुत्री चंद्रमणि कुमारी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. चंद्रमणि ने ओबीसी वर्ग में ऑल इंडिया रैंक 3443 प्राप्त की है. इस कठिन राष्ट्रीय परीक्षा में उसे कुल 607 अंक मिले हैं, जो उसकी कड़ी मेहनत और लगन का सीधा परिणाम है. चंद्रमणि की प्रारंभिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही संपन्न हुई थी, जिसके बाद उसने आगे बढ़ने का संकल्प लिया.
डॉक्टर बनने का सपना लेकर कोटा गई थी चंद्रमणि
बचपन से ही डॉक्टर बनने का अटूट सपना लेकर वह मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए राजस्थान के कोटा गई थी, जहां उसने लगातार कठिन मेहनत और अनुशासित अध्ययन के बल पर आखिरकार यह बड़ी सफलता अर्जित की है. उसकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे चिरैली बाजार और खिजरसराय क्षेत्र में हर्ष और खुशी का माहौल व्याप्त है.
Gaya Ji News : परिजनों और शुभचिंतकों ने दी बधाई
सफलता की सूचना मिलते ही चंद्रमणि के परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों राजेश कुमार एवं संजय दांगी ने चंद्रमणि को फोन पर और मिलकर बधाई दी. गौरवान्वित माता-पिता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने कठिन परिश्रम, अटूट आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर आज यह मुकाम हासिल किया है.
स्थानीय प्रबुद्ध लोगों ने भी इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहद प्रेरणादायक बताया है. लोगों का कहना है कि चंद्रमणि की इस बड़ी सफलता से अन्य छात्र-छात्राओं को भी अपने जीवन के लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कड़ी मेहनत करने की नई प्रेरणा मिलेगी.
Also Read : गया जी : बिजली चोरी करते पकड़े गए दो उपभोक्ता, हजारों रुपये का जुर्माना और FIR दर्ज
