चतरा गार्ड हत्याकांड : JDU विधायक के बेटे रॉकी यादव और सरकारी गार्ड हिरासत में, मां के सरकारी बॉडीगार्ड को लेकर घूमने का आरोप

Chatra Guard Murder Case : चतरा में एसपी आवास के बाहर खैनी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक निजी गार्ड ने अपने साथी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना ने विधायक पुत्र रॉकी यादव को फिर विवादों में ला दिया है, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

Chatra Guard Murder Case : चतरा में एसपी आवास के बाहर मंगलवार दोपहर खैनी मांगने के विवाद में एक सनकी निजी गार्ड ने अपने ही साथी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. इस हत्याकांड के बाद बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के बेटे और रमिया कंस्ट्रक्शन के मालिक रॉकी यादव एक बार फिर बड़े विवाद में घिर गए हैं. पुलिस ने रॉकी यादव, उनके ड्राइवर और अवैध रूप से उनके साथ मौजूद एक सरकारी बॉडीगार्ड को हिरासत में लेकर अपनी जांच तेज कर दी है.

खैनी मांगने पर हुए विवाद में सनकी गार्ड ने मारी गोली

जानकारी अनुसार चतरा में एसपी आवास के बाहर मंगलवार को दिन के करीब दो बजे यह घटना घटी. गाजियाबाद निवासी सनकी निजी गार्ड बलवीर सिंह ने बक्सर निवासी साथी गार्ड अतुल सिंह की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी बलवीर ने पुलिस को बताया कि अतुल उसे खैनी के लिए बार-बार परेशान कर रहा था और चिढ़ा रहा था. हत्या के बाद पैदल भाग रहे आरोपी को पुलिसकर्मियों ने परिसदन भवन के पास से धर दबोचा.

विधायक पुत्र रॉकी यादव और सरकारी गार्ड हिरासत में

यह पूरी घटना रमिया कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मियों के बीच हुई है, जिसके मालिक रॉकी यादव हैं. घटना के वक्त रॉकी यादव चतरा एसपी अनिमेष नैथानी से अंदर मुलाकात कर रहे थे. हत्या के बाद चतरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रॉकी यादव, उनके ड्राइवर और उनके साथ मौजूद गया पुलिस के सरकारी गार्ड सत्येंद्र कुमार को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने घटनास्थल से कंपनी की फोर्ड एंडेवर गाड़ी भी जब्त कर ली है.

मां के सरकारी बॉडीगार्ड का दुरुपयोग कर रहे थे रॉकी

रॉकी के साथ सरकारी गार्ड पकड़े जाने की खबर से गया पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई. गया एसएसपी सुशील कुमार और पुलिस लाइन डीएसपी ललित मोहन सिंह ने दस्तावेजों की जांच के बाद पुष्टि की है कि रॉकी के नाम पर कोई गार्ड आवंटित नहीं है. बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के नाम पर चार सरकारी बॉडीगार्ड जारी किए गए थे, जिनका रॉकी अवैध रूप से अपने लिए इस्तेमाल कर रहे थे. एसएसपी ने चतरा से रिपोर्ट मांगते हुए संबंधित गार्ड पर सख्त विभागीय कार्रवाई और निलंबन की बात कही है.

आरोपी के पास मिला रिनपास का पुर्जा, पहले भी की थी फायरिंग

डीएसपी सुनील कुमार सिंह के अनुसार आरोपी गार्ड बलवीर सिंह मानसिक रूप से काफी परेशान बताया जा रहा है. पुलिस जांच में उसके पास से रिनपास की दवा का पुर्जा भी बरामद हुआ है. पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने इससे पहले नबीनगर में भी फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. वह स्वभाव से बेहद सनकी है और छोटी-छोटी बातों पर लोगों से उलझता रहता था.

चतरा में करोड़ों का ठेका, नक्सली धमकी का भी दर्ज कराया केस

रमिया कंस्ट्रक्शन द्वारा चतरा में 128 करोड़ की लागत से 25 किलोमीटर लंबा बाइपास सड़क निर्माण किया जा रहा है. इसी बीच गया के रामपुर थाने में रॉकी यादव ने लेवी मांगने और काम बंद कराने की धमकी मिलने का केस भी दर्ज कराया है. एफआइआर के अनुसार पिछले तीन दिनों से व्हाट्सएप कॉल और पत्र के जरिए पांच प्रतिशत लेवी मांगी जा रही थी. रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

विवादों से पुराना रहा है रॉकी यादव का नाता

पूर्व जिला पर्षद अध्यक्ष बिंदी यादव के बेटे रॉकी का विवादों से बहुत पुराना इतिहास रहा है. साल 2016 में गया के बहुचर्चित आदित्य सचदेवा रोडरेज हत्याकांड में उन्हें निचली अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी, हालांकि 2023 में पटना हाईकोर्ट ने उन्हें संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था. इसके अलावा साल 2024 में रॉकी ने ही एनआईए के डीएसपी अजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार करवाया था. अब चतरा की इस नई घटना ने उनके कारनामों की फेहरिस्त में एक और बड़ा विवाद जोड़ दिया है.

Also Read : गया जी एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से शुरू होंगी इंटरनेशनल उड़ानें, इंडिगो की बैंकॉक फ्लाइट का शेड्यूल जारी

संबंधित खबर : चतरा में खैनी मांगने के विवाद में सनकी गार्ड ने साथी की सिर में गोली मार की हत्या


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi Kumari

साक्षी पत्रकारिता और जनसरोकारों से जुड़े विषयों में उनकी विशेष रुचि रही है. वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. साक्षी सीवान की रहने वाली हैं. उन्होंने गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, डिजिटल मीडिया, जनसंचार और समाचार लेखन की बारीकियों का अध्ययन किया. स्नातक शिक्षा पूरी करने के बाद भी उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा जारी रखी और वर्तमान में नौकरी के साथ-साथ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) से मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही हैं.

पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने दैनिक भास्कर में इंटर्नशिप के दौरान फील्ड रिपोर्टिंग, समाचार संकलन और ग्राउंड रिपोर्टिंग की व्यावहारिक समझ विकसित की. इस दौरान उन्होंने समाचारों के विभिन्न पहलुओं को नजदीक से समझा और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से सीखा.

इसके बाद उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. जहां करीब तीन वर्षों तक डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहीं. इस दौरान उन्होंने राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक विषयों से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण खबरों पर काम किया. News4Nation में कार्यरत रहते हुए उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज की. चुनावी राजनीति, मतदाताओं के व्यवहार, राजनीतिक रणनीतियों और जमीनी मुद्दों को करीब से समझने का अवसर मिला. इस अनुभव ने उन्हें राजनीतिक खबरों को अधिक सटीकता, तथ्यों और विश्लेषण के साथ प्रस्तुत करने की विशेषज्ञता प्रदान की.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति, प्रशासनिक गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी समझ है, जिसके अनुरूप वह खबरों को इस प्रकार तैयार करती हैं कि वे पाठकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचें और खोज इंजन में बेहतर प्रदर्शन करें. ब्रेकिंग न्यूज की पहचान, उसकी त्वरित कवरेज और कम समय में सटीक समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यक्षमताओं में शामिल है.

साक्षी किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच और सत्यापन को सर्वोच्च प्राथमिकता देती हैं. वह विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी की पुष्टि करने के बाद ही खबरों को प्रकाशित करती हैं, जिससे उनकी रिपोर्टिंग में सटीकता और विश्वसनीयता बनी रहती है. न्यूजरूम में डेटा विश्लेषण, ट्रेंड मॉनिटरिंग और पाठकों की रुचि के आधार पर सर्वे एवं रिसर्च-आधारित खबरें तैयार करने में भी उन्हें बखूबी आता है.

निरंतर सीखने और बदलते मीडिया परिदृश्य के साथ स्वयं को अपडेट रखने की उनकी प्रतिबद्धता उन्हें एक बेहतर डिजिटल पत्रकार बनने के लिए प्रेरित करती है. तथ्यपरक, निष्पक्ष और भरोसेमंद पत्रकारिता में विश्वास रखने वाली साक्षी पाठकों तक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >