Gayaji News : गयजी के डुमरिया प्रखंड के मध्य विद्यालय चहरा-पहरा में वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितता, अवैध वसूली और सरकारी राशि के गबन के आरोपों को लेकर सोमवार को छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया. मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ पंकज कुमार ने विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका बबिता कुमारी से 24 घंटे के भीतर साक्ष्य सहित लिखित स्पष्टीकरण मांगा है.
मध्याह्न भोजन में अनियमितता का आरोप
बीडीओ ने बताया कि ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं के संयुक्त हस्ताक्षर वाला आवेदन सोमवार को कार्यालय में प्राप्त हुआ है. आवेदन में मध्याह्न भोजन नियमित रूप से नहीं बनाने, निर्धारित मेनू का पालन नहीं करने और छात्रों की कम उपस्थिति के बावजूद फर्जी हाजिरी बनाकर चावल व सरकारी राशि के गबन का आरोप लगाया गया है.
टीसी और प्रमाण-पत्र के नाम पर 500 रुपये मांगने का आरोप
आवेदन में टीसी और प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर प्रति छात्र 500 रुपये मांगने का आरोप भी लगाया गया है. आरोप है कि राशि नहीं देने पर प्रमाण-पत्र रोक दिया जाता है. इसके अलावा विद्यालय विकास मद की राशि के दुरुपयोग और अन्य वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत की गयी है.
भेदभाव और ग्रामीणों को धमकाने का भी आरोप
ग्रामीणों ने अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के बच्चों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है. साथ ही ग्रामीणों और अभिभावकों को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा विद्यालय शिक्षा समिति के गठन के बाद बैठक नहीं बुलाने की शिकायत की गयी है.
24 घंटे में साक्ष्य के साथ देना होगा जवाब
बीडीओ पंकज कुमार ने प्रभारी प्रधानाध्यापिका को निर्देश दिया है कि वह सभी आरोपों के संबंध में साक्ष्य सहित लिखित स्पष्टीकरण 24 घंटे के भीतर कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत करें. मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रधानाध्यापिका ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
इधर, प्रभारी प्रधानाध्यापिका बबिता कुमारी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि वह फिलहाल प्रशिक्षण में हैं. उनके अनुसार गांव के एक व्यक्ति द्वारा अभद्र व्यवहार किये जाने को लेकर स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति केस उठाने का दबाव बना रहा है और इसी कारण उनके खिलाफ गलत आरोप लगाये जा रहे हैं.
