BPSC 70th Result : बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में गया जी जिले के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार सफलता हासिल की है. परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद जिले के अलग-अलग प्रखंडों के सफल अभ्यर्थियों के घरों में जश्न का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है.
टिकारी के रागिब नौशाद को मिला 39वां स्थान, बनेंगे एसडीएम
टिकारी के रहने वाले रागिब नौशाद ने बीपीएससी परीक्षा में पूरे राज्य में 39वां स्थान (रैंक) हासिल किया है. इस शानदार सफलता के बाद अब वे अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) बनेंगे. रागिब नौशाद टिकारी एक्सरे के पास के रहने वाले मो. नौशाद आलम (प्रधानाध्यापक, बोहिया स्कूल) के बेटे हैं. रागिब की इस बड़ी कामयाबी से उनके परिवार और पूरे टिकारी क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग गर्व महसूस कर रहे हैं.
Also Read: 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
पननिया के प्रशांत कुमार बने बीडीओ, गुरुआ बीडीओ सद्दाम हुसैन का डीएसपी पद पर चयन
इसके साथ ही गया जी जिले के बांकेबाजार प्रखंड अंतर्गत पननिया पंचायत के मोनेया ग्राम में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है. यहां के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक महेश्वर प्रसाद सिंह के सुपुत्र प्रशांत कुमार ने भी बीपीएससी परीक्षा में बड़ी सफलता प्राप्त की है. प्रशांत कुमार का चयन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के पद पर हुआ है. इस सफलता के लिए प्रशांत कुमार के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी क्षेत्र के लोग बधाई दे रहे हैं.
गुरुआ के BDO सद्दाम हुसैन बने DSP
वहीं, गया जी के गुरुआ प्रखंड में वर्तमान में कार्यरत बीडीओ सद्दाम हुसैन ने भी अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच तैयारी करते हुए 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है. सद्दाम हुसैन का चयन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर हुआ है. गुरुआ के बीडीओ के डीएसपी पद पर चयनित होने पर प्रखंड के अधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ढेरों शुभकामनाएं दी हैं.
Also Read: स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
