बोधगया को मिलेगी नई सौगात, 165.44 करोड़ रुपये से बनेगा विश्वस्तरीय ध्यान केंद्र

Gaya Ji News : गया जी को सुंदर और आधुनिक बनाने की पहल के तहत गांधी मैदान पार्क का पुनर्विकास किया गया है. साथ ही, बोधगया में 165 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय ध्यान केंद्र का निर्माण होगा, जो क्षेत्र के पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.

Gaya Ji News : बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार सोमवार को गया स्थित गांधी मैदान पार्क के 4.31 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण पुनर्विकास कार्य के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. इस अवसर पर पूर्व मंत्री राणा रंधीर सिंह, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गांधी मैदान पार्क का पुनर्विकास गया शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. परियोजना के तहत पार्क में नाला निर्माण, घाट निर्माण, वॉकिंग पथ, गजीबो, शौचालय समेत कई आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा और पर्यटकों को भी आकर्षक वातावरण मिलेगा.

धार्मिक स्थलों का होगा विकास

राज्य सरकार गया को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक धार्मिक-पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है. इसी क्रम में खेमा वैष्णो माता मंदिर में लगभग 47.44 लाख रुपये की लागत से एलईडी और लाइटिंग का कार्य कराया जाएगा, वहीं फतेहपुर स्थित संडेश्वरनाथ धाम स्वयंभू मंदिर और सूर्यकुंड तालाब के विकास पर लगभग 1.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

डॉ. प्रेम कुमार ने विश्वास जताया कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के पूरा होने से गया जिले में पर्यटन को एक नई पहचान मिलेगी. इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और आम नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा. उन्होंने लोगों से सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की.

विश्वस्तरीय ध्यान केंद्र का निर्माण

इसके साथ ही, बोधगया में 165.44 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय ध्यान एवं अनुभव केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है. डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि इस प्रस्तावित ध्यान व अनुभव केंद्र में मेडिटेशन सेंटर, पार्किंग, लिफ्ट, कैफेटेरिया, शानदार प्रदर्शनी, आधुनिक सूचना प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

उन्होंने कहा कि इस पहल से बोधगया की अंतरराष्ट्रीय पहचान और अधिक मजबूत होगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के संरक्षण व विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और गया-बोधगया की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए आधारभूत संरचनाओं का विस्तार कर रही है.

Also Read : गया जी : UPSC पास कर शुरू किया था सफर, अब डिप्टी कमांडेंट बने अमित कुमार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Haribansh kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >