Gaya Ji News: बोधगया स्थित बीएमपी-3 में नए जवानों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रतिनियुक्त बीएमपी-14, पटना के जवान निकेश कुमार की सोमवार की सुबह पीटी के दौरान मौत हो गयी. निकेश कुमार बीएमपी-3 में अनुदेशक के रूप में प्रतिनियुक्त थे और नयी भर्ती के जवानों को प्रशिक्षण दे रहे थे.
31 वर्षीय निकेश कुमार हर दिन की तरह सोमवार की सुबह भी प्रशिक्षु जवानों को पीटी कराने के लिए ग्राउंड में पहुंचे थे. इसी दौरान दौड़ लगाते समय वह अचानक गिर गये. इसके बाद उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. बाद में उन्हें अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गयी.
हृदय गति रुकने की जतायी गयी संभावना
बीएमपी-3 के कमांडेंट उपेंद्र प्रसाद ने बताया कि संभावना है कि हर्ट अटैक से निकेश कुमार की मौत हुई है. सोमवार की सुबह पीटी के दौरान यह घटना घटी. उन्होंने बताया कि निकेश कुमार के परिजनों को बुलाया गया है. फिलहाल उनके शव को अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में रखा गया है. पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
खगड़िया के रहने वाले थे निकेश कुमार
निकेश कुमार मूल रूप से खगड़िया जिला अंतर्गत गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव के रहने वाले थे. वह बूटी तांती के बेटे थे और बीएमपी-14 के जवान थे. बीएमपी-3 में उन्हें नए भर्ती जवानों को प्रशिक्षण देने के लिए अनुदेशक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था.
