संजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
Bharat Tiwari Encounter : भरत भूषण तिवारी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनकी मौत के विरोध में रविवार को ‘ब्राह्मण सेवा गयाजी’ के नेतृत्व में एक विशाल कैंडल मार्च निकाला गया. यह मार्च शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए टावर चौक तक गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का पुतला भी दहन किया.
मार्च में उमड़ा जनसैलाब
इस आंदोलन और मार्च में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और ब्राह्मण संगठनों से जुड़े सैकड़ों लोग मुख्य रूप से शामिल हुए. कैंडल मार्च का नेतृत्व ब्राह्मण सेवा गया जी के अध्यक्ष अजीत तिवारी ने किया.
अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेंगे: अजीत तिवारी
मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए संगठन के अध्यक्ष अजीत तिवारी ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की असमय मौत के विरोध में ही इस श्रद्धांजलि सभा और कैंडल मार्च का आयोजन किया गया है. उन्होंने स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी भी स्थान पर ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ अन्याय या हत्या की घटना होगी, तो ब्राह्मण सेवा संगठन उसका लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करेगा.
Gaya Ji News : निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा. इसके साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आवाज बुलंद करते हुए प्रशासन से पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की.
Also Read : गया जी : LLB छात्रा का शव बरामदगी मामले में परिजनों का आरोप- गवाही रोकने के लिए हुई हत्या
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का पुतला दहन
इस प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के पुतले का दहन भी किया. प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री के हालिया बयानों पर अपनी कड़ी आपत्ति और विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि वे आगामी चुनाव में इसका लोकतांत्रिक तरीके से (वोट के जरिए) करारा जवाब देंगे. टावर चौक पर पुतला दहन के दौरान केंद्रीय मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई.
Also Read : गया जी में शादी के एक साल बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
न्यायिक जांच और एक करोड़ मुआवजे की मांग
वहीं, इस मार्च में शामिल कांग्रेस नेता डॉ. गगन मिश्रा ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मौत के मामले की पूरी तरह से निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने कानून के आगे अपने हथियार डाल दिए हों, तो उसके बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की भी गहराई से जांच होनी आवश्यक है. उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने, संबंधित डीएसपी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की सरकार से मांग की.
टावर चौक पर श्रद्धांजलि सभा
यह कैंडल मार्च गांधी मैदान से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए टावर चौक पर समाप्त हुआ, जहां एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और मोमबत्तियां लेकर न्याय की मांग को लेकर लगातार नारे लगा रहे थे.
Also Read : बिहार की LLB छात्रा की झारखंड में मिली लाश, परिवार ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
