Gaya Ji Scorpio Accident : डोभी-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर बेलागंज थाना क्षेत्र के सिलौंजा मोड़ के समीप रविवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ.
अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दस वर्षीय बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे में दूसरी बेटी बाल-बाल बच गई.
ननद के घर जाने के दौरान सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी साधना देवी अपनी दो बेटियों के साथ चैनपुर गांव स्थित अपनी ननद के घर मनोज शर्मा के यहां जा रही थीं.
सिलौंजा मोड़ के समीप तीनों सड़क पार कर रही थीं, तभी गया की ओर से तेज गति से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो ने मां-बेटियों को अपनी चपेट में ले लिया.
मां की हालत गंभीर
हादसे में दस वर्षीय दिव्या कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साधना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
घायल महिला ANMMCH गया रेफर
स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तत्काल बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एएनएमएमसीएच गया रेफर कर दिया.
Also Read : गया जी के ANMMCH में MBBS इंटर्न से दुष्कर्म की कोशिश का आरोप, सीनियर रेजिडेंट पर केस दर्ज
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि बच्ची के शव को अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए गया भेज दिया गया है. दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
