बेलागंज के चाकन्द थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. गुरुवार को थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि थाना कांड संख्या 166/26 के तहत दर्ज मामले में पुलिस को लंबे समय से दोनों आरोपितों की तलाश थी.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अमराहा महादलित टोली में छापेमारी कर जितेंद्र मांझी एवं दुलारचंद मांझी, दोनों पिता शिवनाथ मांझी, निवासी अमराहा महादलित टोली, थाना चाकन्द, जिला गया को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपित हत्या के प्रयास के मामले में नामजद थे और घटना के बाद से फरार चल रहे थे. गिरफ्तारी के बाद दोनों से आवश्यक पूछताछ की गयी तथा कांड से संबंधित कानूनी प्रक्रिया पूरी की गयी. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में गया केंद्रीय कारागार भेज दिया गया.
उन्होंने बताया कि जिले में फरार वारंटियों एवं गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी. चाकन्द थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
