गया जी के बेलागंज प्रखंड के मेन गांव स्थित बाबा कोटेश्वर नाथ श्रावणी मेले का शुभारंभ शनिवार को बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र कुमार, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी तथा अरवल विधायक मनोज शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस अवसर पर सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया.
सड़क चौड़ीकरण की मांग और मंत्रियों का आश्वासन
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण एवं बिहार के पूर्व लोकायुक्त श्याम किशोर शर्मा ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगें विधानसभा अध्यक्ष और मंत्री के समक्ष रखीं.
उन्होंने पाई बिगहा मोड़ से टेकारी तक सड़क चौड़ीकरण की मांग की, जिस पर पथ निर्माण मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में विकास कार्यों की गति लगातार तेज होगी. विधायक मनोरमा देवी ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी विभाग को पत्र भेजा जा चुका है.
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा नेता मुकेश शर्मा, सदर एसडीओ, विधि-व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह, मंदिर समिति के अध्यक्ष झलक देव शर्मा, सचिव योगेंद्र शर्मा, मुखिया मनोज शर्मा, थानाध्यक्ष उज्जवल कुमार, सीओ सुधीर तिवारी, बीडीओ संजय कुमार राय, सामाजिक कार्यकर्ता मुनचुन कुमार, किशोरी मोहन शर्मा, शंभू शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे.
