गया : गया सेंट्रल जेल में बंद मनोरमा देवी की पहचान कैदी नंबर 10460 के रूप में है. जदयू से निलंबित विधान पार्षद मनोरमा देवी बिहार सरकार के उत्पाद अधिनियम के उल्लंघन और सबूत मिटाने से लेकर आरोपित को बचाने के आरोप में जेल में हैं. आज कोर्ट ने मनोरमा देवी की जमानत याचिका को भी खारिज कर दिया. उन्हें जेल के महिला वार्ड में रखा गया है.
आदित्य हत्याकांड में दोषी को मदद करने का आरोप
गत 6-7 मई की रात्रि में गया जिला के रामपुर थाना अंतर्गत पुलिस लाइन के समीप वाहन ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में मनोरमा देवी के पुत्र रॅाकी यादव ने 12वीं कक्षा के छात्र आदित्य सचदेवा 19: की गोली मारकर हत्या कर दी थी. कहा जा रहा है कि जेल में मनोरमा देवी का स्वास्थ्य बेहतर नहीं है.
मुख्य आरोपी है मनोरमा देवी का बेटा
आदित्य हत्या मामले के मुख्य आरोपी रॅाकी यादव को 10 मई को उसके पिता बिंदेश्वरी उर्फ बिंदी यादव के बोधगया थाना अंतर्गत मस्तपुरा गांव स्थित मिक्सर प्लांट परिसर से हत्याकांड में इस्तेमाल पिस्तौल :ब्रेटा कंपनी निर्मित: के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था. इससे पहले आठ मई को मनोरमा देवी के पति और राजद के बाहुबली नेता बिंदी यादव तथा उनके सरकारी अंगरक्षक राजेश कुमार को गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था. वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी तथा रॅाकी के सहयोगी टेनी यादव ने 16 मई को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था.
