बालश्रम कानून के उल्लंघन में भी फंसे बिंदी यादव
गया. एमएलसी मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव की मुश्किलेें कम होती नजर नहीं आ रही हैं. अब वह बालश्रम कानून उल्लंघन के मामले में भी जकड़ते दिख रहे हैं. उन पर अपने घर में बाल श्रमिक रखने के मामले में श्रम विभाग ने मामला दर्ज कराने के साथ ही बुधवार को सीजेएम के कोर्ट […]
गया. एमएलसी मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव की मुश्किलेें कम होती नजर नहीं आ रही हैं. अब वह बालश्रम कानून उल्लंघन के मामले में भी जकड़ते दिख रहे हैं. उन पर अपने घर में बाल श्रमिक रखने के मामले में श्रम विभाग ने मामला दर्ज कराने के साथ ही बुधवार को सीजेएम के कोर्ट में बाल श्रमिक देवनंदन कुमार की मेडिकल रिपोर्ट भी सौंप दी है. इस मामले में श्रम विभाग विगत 11 मई को ही रामपुर थाने में एफआइआर दर्ज करा चुका है और अदालत ने श्रम विभाग से देवनंदन की उम्र की जानकारी प्राप्त करने के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट सौंपने को कहा था.
श्रम विभाग ने नियोजक बिंदी यादव को भी एक नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था कि वह देवनंदन की उम्र से संबंधित प्रमाणपत्र जमा करते हुए बाल श्रमिक रखे जाने का कारण स्पष्ट करें. श्रम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कोर्ट द्वारा देवनंदन की उम्र को लेकर मांगी गयी मेडिकल रिपोर्ट को श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने सीजेएम कोर्ट में सौंप दिया है और अब इसमें रिपोर्ट के आधार पर मामले की सुनवाई शुरू कर दी जायेगी.
बाल श्रमिक के मामले में नियोजक को 20 हजार रुपये के जुर्माने के साथ ही सजा का भी प्रावधान है. इसमें अगर बाल श्रमिक 14 वर्ष से कम आयु का है, तो कानून के तहत जुर्माना व सजा दोनों तय किया जाता है. इधर, बाल श्रमिक देवनंदन को गया स्थित चाइल्ड लाइन में रखा गया है और उसकी काउंसेलिंग की जा रही है.
गौरतलब है कि आदित्य हत्याकांड के सिलसिले में हत्याकांड के मुख्य आरोपित बिंदी यादव व एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव की टोह में उनके एपी कॉलोनी स्थित आवास पर छापेमारी के दौरान बाल श्रमिक देवनंदन को पकड़ा गया था. इसके बाद श्रम विभाग ने देवनंदन के बयान के आधार पर बिंदी यादव को आरोपित बनाते हुए रामपुर थाने में मामला दर्ज कराया है. फिलहाल, बिंदी यादव गया सेंट्रल जेल में बंद हैं और उन पर बेटे रॉकी को संरक्षण देने व साक्ष्य छिपाने की साजिश रचने का आरोप है. कोर्ट ने बिंदी यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है, जबकि एमएलसी मनोरमा देवी भी घर में शराब रखने के मामले में जेल में हैं. रॉकी यादव भी आदित्य सचदेवा की हत्या के आरोप में जेल में बंद है.