गया : जिले के ग्रामीण इलाकों का जलस्तर 40 फुट हुआ डाउन
गया : जिले के ग्रामीण इलाकों का जलस्तर 40 फुट डाउन हो गया है. जहां अक्तूबर 2018 में औसत जलस्तर 33 फुट तक था, वह चार महीने बाद फरवरी 2019 में बढ़ कर 40 फुट तक चला गया है. ऐसे में आने वाले गर्मी के मौसम में हालात किस कदर भयावह हो सकते हैं, इसका […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
गया : जिले के ग्रामीण इलाकों का जलस्तर 40 फुट डाउन हो गया है. जहां अक्तूबर 2018 में औसत जलस्तर 33 फुट तक था, वह चार महीने बाद फरवरी 2019 में बढ़ कर 40 फुट तक चला गया है. ऐसे में आने वाले गर्मी के मौसम में हालात किस कदर भयावह हो सकते हैं, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है. पीएचइडी से जुड़े अधिकारियों की मानें तो कम वर्षा होने के कारण ग्राउंड वाटर रिचार्ज नहीं हो सका है. इस कारण ऐसे हालात बने हैं.
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी कम वर्षा होने के कारण जनवरी से ही ग्रामीण इलाकों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी. मोहनपुर, गुरारू, गुरुआ, परैया, बोधगया, शेरघाटी व बाराचट्टी प्रखंड में जलस्तर सबसे ज्यादा डाउन हुआ है.
पांच चापाकलों के जल स्तर की साप्ताहिक मॉनीटरिंग पीएचइडी द्वारा प्रखंड की पांच पंचायतों के पांच अलग-अलग स्थानों पर लगे चापाकलों के जलस्तर की साप्ताहिक मॉनीटरिंग की जाती है. इसी के अाधार पर उस इलाके में जलस्तर की स्थिति का पता लगाया जाता है. इसके अलावा आस-पास के लोगों से फीडबैक भी लिया जात है, ताकि गड़बड़ी की गुंजाइश न हो. पीएचइडी जलस्तर की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजता है.
राइजिंग पाइप को बढ़ाया जा रहा
पीएचइडी द्वारा कई ग्रामीण इलाकों में जल संकट को देखते हुए राइजिंग पाइप को बढ़ाया जा रहा है. शेरघाटी एसडीओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शेरघाटी क्षेत्र में कुछ जगहों पर राइजिंग पाइप को बढ़ाया गया है. यहां 50 फुट पानी में डूबे सिलिंडर में पाइप जोड़ते हुए अधिकतम 80 फुट तक ले जाया गया है, ताकि लोगों को पानी मिल सके.
क्या है जल स्तर की स्थिति
डुमरिया की कोल्हुवार पंचायत के सोनपुरा गांव में 29.6 फुट, मंझौली के आदरचक गांव में 26.4 फुट, इमामगंज प्रखंड की बभंडी पंचायत के पसेवा गांव में 25.4 फुट, इमामगंज प्रखंड की लावावार पंचायत के सोबड़ी में 29.4 फुट, शेरघाटी प्रखंड की चेरकी पंचायत के खंडैल गांव में 43.4 फुट, चिताबकलां पंचायत के कमात गांव में 25.1 फुट जल स्तर गिरा है.
डोभी प्रखंड की नदरपुर पंचायत के नावाडीह गांव में 22.6 फुट, कुरमावां पंचायत के कुरमावां गांव में 32.6 फुट, बाराचट्टी प्रखंड की बीबीपसेरा पंचायत के बीबीपसेरा गांव में 32.3 फुट, जयगीर पंचायत के जयगीर गांव में 33.11 फुट, मोहनपुर प्रखंड की धरहरा पंचायत के हेमजापुर गांव में 57.4 फुट, खरडीह पंचायत के नावाडीह गांव में 37.4 फुट, बथानी प्रखंड की सिघौंल पंचायत के बरैनी गांव में 36.7 फुट, गुरुआ प्रखंड की बैलौटी पंचायत के मंगलीचक गांव में 59.4 फुट जल स्तर गिरा है.
क्या कहते हैं अधिकारी
गर्मी को लेकर विभागीय निर्देशानुसार राइजिंग पाइप बदलने का काम चल रहा है. इसके अलावा जहां-जहां जलस्तर डाउन की सूचना मिल रही है. संबंधित एसडीओ को लगातार मॉनीटरिंग करने को कहा गया है. हमारी पूरी कोशिश होगी कि गर्मी में लोगों को कम-से-कम परेशान होना पड़े.