शुक्रवार की शाम भी पहुंचे थे मुहल्ले के लोगों को धमकाने
गया : वैरागी मुहल्ले की पाइपलाइन गली में शराब बेचने से मना करने पर फायरिंग करने के मामले में एक महिला समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सिटी एसपी ने बताया कि पिस्टल लहरनेवाला जितेंद्र चौधरी व शराब जमा कर रही लालमति देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा. इधर सूत्रों का कहना है कि गुरुवार को फायरिंग करने के बाद शंभु व जितेंद्र अपने साथियों के साथ शराब के नशे में शुक्रवार को भी मुहल्ले में आया और लोगों को धमकाते हुए कहा कि अदावत करनेवालों को अंजाम भुगतना होगा. इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी और यहां पहुंच कर डेल्हा थाने की पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया.
गौरतलब है कि शहर के वैरागी स्थित पाइपलाइन गली में शराब बेचने से मना करने पर फायरिंग करने व दहशत फैलाने के लिए दोनों हाथ में पिस्टल लेकर लहराने व गोलियां चलाने का मामला प्रकाश में आया था. पता चला था कि इस मुहल्ले में शराब धंधेबाज खुलेआम शराब की बिक्री करते हैं.
मुहल्ले के लोगों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो धंधेबाजों ने उनके घरों पर चढ़ कर तोड़फोड़, गाली-गलौज व फायरिंग भी की. धंधेबाजों द्वारा फायरिंग और शराब बेचने का वीडियो वायरल हो गया था. फायरिंग करनेवालों में शंभु चौधरी व जितेंद्र चौधरी के साथ शराब बोरे में रखने वाली महिला की पहचान लालमति देवी के रूप में की गयी थी.
